जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और भवानीपुर व नंदीग्राम सीट से जीत हासिल करने वाले शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी पार्टी वह काम करेगी, जिसकी घोषणा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने घोषणा पत्र में की थी। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को भ्रष्ट और परिवारवादी पार्टी करार दिया।
शुभेंदु अधिकारी ने क्या कहा?
अधिकारियों ने कहा कि इस बार उन्होंने नंदीग्राम में करीब 10 हजार मतों से जीत हासिल की। उन्होंने दावा किया कि नंदीग्राम के हिंदू मतदाताओं ने उन्हें फिर से जिताया, जबकि मुसलमानों का वोट टीएमसी को गया। अधिकारी ने कहा, “मैं नंदीग्राम के हिंदुओं के लिए काम करूंगा। टीएमसी खत्म हो जाएगी, 24 घंटे में यह बर्बाद हो जाएगी। यह भ्रष्ट और परिवारवादी पार्टी है, जिसकी कोई विचारधारा नहीं है। हम वह काम करेंगे जिसकी घोषणा गृह मंत्री अमित शाह ने की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बार गारंटी दी है।”
ममता बनर्जी को शुभेंदु ने हराया
नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी के पवित्र कर को 9,665 वोटों से हराया। वहीं, भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी को 15,105 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। भवानीपुर में अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी को 58,812 वोट ही मिले। माकपा के श्रीजीव बिस्वास काफी पीछे रहे।
भाजपा ने कब्जा किया 206 सीटों पर
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा की कुल 294 सीटों में भाजपा ने 206 सीटें जीती हैं। टीएमसी को 81 सीटें मिली हैं और एक सीट पर परिणाम जारी है। कांग्रेस और एजेयूपी को 2-2 सीटें मिलीं, जबकि माकपा केवल 1 सीट जीत पाई।

