जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर-पश्चिम भारत में तेज गर्मी से लोग परेशान हैं, जबकि पूर्वोत्तर, दक्षिण और पूर्वी राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं के बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अगले तीन दिनों में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसी दौरान तमिलनाडु, केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम
आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी भी उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बना हुआ है। 10 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के मौसम को प्रभावित कर सकता है। राजस्थान के जैसलमेर में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की तेज गर्मी का संकेत है। दिल्ली-एनसीआर में हाल ही में हुई बारिश से थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन अब राजधानी में फिर तेज गर्मी लौटने के संकेत हैं।
अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन आसमान साफ रहेगा और तेज धूप रहेगी। इसके चलते दिन का तापमान तीन से चार डिग्री बढ़ सकता है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विशेषज्ञ लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दे रहे हैं। हल्के कपड़े पहनना भी जरूरी बताया गया है।
बिहार में आंधी-तूफान से सात की मौत
बिहार में वज्रपात और भीषण आंधी-तूफान के कारण अलग-अलग जिलों में सात लोगों की मौत हुई। भोजपुर, पटना, समस्तीपुर और पूर्वी चंपारण में वज्रपात के दौरान एक-एक व्यक्ति की जान गई। वहीं पटना में पेड़ गिरने से दो और वैशाली में एक व्यक्ति की मौत हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि तुरंत देने का निर्देश दिया।

