जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित आवास पर शनिवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की। सेक्टर-2 में अरोड़ा के घर लगभग 20 गाड़ियों की टीम पहुंची। इस महीने में उनके ठिकानों पर ईडी की दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले अरोड़ा के लुधियाना स्थित ठिकानों पर भी दबिश दी जा चुकी है।
सीएम भगवंत मान का तीखा रुख
ईडी की इस कार्रवाई पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए भाजपा पर निशाना साधा और लिखा कि एक साल में यह तीसरी बार है जब उनके सहयोगी संजीव अरोड़ा के घर ईडी पहुंची। मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब गुरुओं और भगत सिंह की धरती है; पंजाब मोदी की चालों के आगे कभी नहीं झुकेगा।” उन्होंने ईडी और भाजपा के गठबंधन को “अनैतिक” करार दिया।
दो दिन पहले मोहाली में भी रेड
दो दिन पहले, वीरवार को ईडी ने मोहाली और चंडीगढ़ में लगभग 12 ठिकानों पर छापेमारी की थी। मोहाली के छज्जू माजरा स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में आईटी कारोबारी नितिन के फ्लैट पर रेड की गई। नितिन को मुख्यमंत्री के ओएसडी का करीबी बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। उस समय मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया था कि इन कार्रवाइयों का उनकी सरकार से कोई संबंध नहीं है।

