जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: छात्रों के प्रदर्शन के चलते सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने का मुद्दा गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में उठाया गया। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) के अध्यक्ष विकास सिंह ने चीफ जस्टिस सूर्यकांत के सामने मांग रखी कि जिन वकीलों, पक्षकारों और अदालत के कर्मचारियों के पास सुप्रीम कोर्ट में प्रवेश के लिए वैध पास हैं, उन्हें सुरक्षा जांच के बाद मेट्रो स्टेशन का इस्तेमाल करने की अनुमति दी जाए।
SCBA अध्यक्ष विकास सिंह ने क्या कहा?
विकास सिंह ने चीफ जस्टिस सूर्यकांत को बताया कि सुप्रीम कोर्ट में आने वाले वकीलों और कर्मचारियों को मेट्रो बंद होने से परेशानी हो रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि जिन लोगों के पास सुप्रीम कोर्ट के वैध पास या प्रॉक्सिमिटी कार्ड हैं, उन्हें उचित सुरक्षा जांच के बाद स्टेशन से बाहर निकलने की अनुमति दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि मेट्रो से उतरने के बाद एक निर्धारित निकास बिंदु होता है, जहां यात्रियों की जांच की जा सकती है। जिन लोगों की पहचान सुप्रीम कोर्ट से जुड़ी हुई है, उन्हें बाहर आने दिया जाए, जबकि अन्य यात्रियों को दूसरे मार्गों का इस्तेमाल करने के लिए कहा जा सकता है। इससे मेट्रो सेवा का सीमित रूप से उपयोग भी संभव हो सकेगा।
CJI सूर्यकांत ने दिया भरोसा
चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट प्रशासन पहले ही इस मामले को दिल्ली मेट्रो अधिकारियों के सामने उठा चुका है। उन्होंने SCBA को भरोसा दिलाया कि अगर बातचीत से समाधान नहीं निकलता है तो वह खुद हस्तक्षेप करेंगे।
CJI ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में सुबह ही अधिकारियों को जानकारी दे दी थी और अब समाधान निकालने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर दोपहर तक कोई रास्ता नहीं निकलता है और उनके हस्तक्षेप की जरूरत पड़ती है, तो वह कदम उठाएंगे।
वकीलों के खिलाफ नहीं होगा प्रतिकूल आदेश
चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने यह भी बताया कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से एक सर्कुलर जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि मेट्रो बंद होने के कारण वकीलों की अनुपस्थिति की स्थिति में कोई प्रतिकूल आदेश पारित नहीं किया जाएगा।
सुरक्षा कारणों से बंद किए गए 16 मेट्रो स्टेशन
दरअसल, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों और ‘चलो संसद’ प्रदर्शन को देखते हुए कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया था। इसमें सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन भी शामिल था।
प्रभावित मेट्रो स्टेशन
DMRC के अनुसार, इन स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद रखा गया:
- लोक कल्याण मार्ग
- राजीव चौक
- पटेल चौक
- रामकृष्ण आश्रम मार्ग
- बाराखंभा रोड
- सुप्रीम कोर्ट
- सेवा तीर्थ
- जनपथ
- मंडी हाउस
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
- आईटीओ
- दिल्ली गेट
- इंद्रप्रस्थ
- खान मार्केट
- जोर बाग
- शिवाजी स्टेडियम
हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रखी गई।

