नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक सवागत और अभिनंदन है। हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा के जाने-माने अभिनेता प्रदीप रावत के निधन की दुखद खबर सामने आई है। ‘लगान’, ‘गजनी’, ‘छत्रपति’ और ‘वीरम’ जैसी चर्चित फिल्मों में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाले प्रदीप रावत ने 74 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली।
अभिनेता के मैनेजर सिद्धार्थ ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रदीप रावत का कुछ घंटे पहले मुंबई के भिवंडी इलाके स्थित एक अस्पताल में निधन हुआ। उन्होंने कहा कि अभिनेता लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे।
कैंसर से जूझ रहे थे अभिनेता
प्रदीप रावत पिछले कुछ समय से कैंसर का इलाज करा रहे थे। उनके मैनेजर के मुताबिक, करीब चार साल पहले उन्हें कैंसर हुआ था, लेकिन इलाज के बाद उन्होंने इस बीमारी पर काबू पा लिया था। हालांकि, लगभग डेढ़ महीने पहले बीमारी दोबारा सामने आई, जिसके बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।
उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान अभिनेता के प्लेटलेट्स तेजी से गिर गए थे और उन्हें वायरल फीवर भी हो गया था। स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के कारण उनकी हालत गंभीर होती गई और डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
कई अस्पतालों में चला इलाज
जानकारी के अनुसार, प्रदीप रावत का शुरुआती इलाज मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में करीब तीन सप्ताह तक चला। इसके बाद उन्हें बांद्रा स्थित एक कैंसर विशेषज्ञ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पिछले कुछ दिनों से उनका उपचार जारी था। बाद में उन्हें भिवंडी के अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
अंतिम समय में परिवार रहा साथ
अभिनेता के मैनेजर ने बताया कि उनके आखिरी समय में उनकी पत्नी और बेटे विक्रमादित्य उनके साथ मौजूद थे।
आज होंगे अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार
प्रदीप रावत का पार्थिव शरीर बुधवार दोपहर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक उनके गोरेगांव वेस्ट स्थित आवास पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे उनके पार्थिव शरीर को जोगेश्वरी वेस्ट स्थित ओशिवारा श्मशान भूमि ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
फिल्मों में निभाए यादगार किरदार
प्रदीप रावत ने हिंदी, तेलुगु और तमिल फिल्मों में काम किया था। आमिर खान की फिल्म ‘लगान’ में उनके किरदार को काफी सराहा गया था। इसके अलावा ‘गजनी’, ‘छत्रपति’ और ‘वीरम’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों पर छाप छोड़ी।

