जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना (शामली): झिंझाना में रंगाना रोड पर मुकीम काला गैंग का एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मुठभेड में ढेर हो गया। बदमाश कैराना पलायन प्रकरण से भी जुडा था। मुठभेड में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं फुरकान का एक साथी गन्ने के खेत का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाया।
पुलिस के मुताबिक फुरकान पुत्र फैमुद्दीन निवासी कैराना कुख्यात मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज थे। लंबे समय से फरार चल रहे फुरकान पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। बुधवार की दोपहर को पुलिस को बदमाशों की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस अलर्ट मोड़ पर आई और टीम गांव खानपुर कला के जंगल में पहुंची थी। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ में एक बदमाश फुरकान गोली लगने से घायल हो गया। वहीं एक हैंड कांस्टेबल हरविंदर सिंह भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने घायल बदमाश फुरकान को मृत घोषित कर दिया। वहीं मुठभेड़ में घायल पुलिस कर्मी हरविंदर को पेट में गोली लगने से गम्भीर घायल के चलते हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मृतक बदमाश फुरकान का नाम कैराना में दो व्यापारियों की हत्या के चर्चित मामले में भी सामने आया था। इन हत्याओं के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बना था और व्यापारिक परिवारों के पलायन का मुद्दा प्रदेश स्तर पर चर्चा में आया था। पुलिस के अनुसार फुरकान संगठित अपराध से जुड़ा था और लूट, रंगदारी जैसी वारदातों में सक्रिय भूमिका निभाता था।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला और सीओ हेमंत कुमार पुलिस बल के मौके घटना पर पहुंचे और जानकारी की। पुलिस ने मौके से एक कार्बाइन, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस फुरकान के आपराधिक इतिहास और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

