जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने झारखंड में विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि सीजेपी छात्रों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उनकी सभी मांगों का समर्थन करती है।
आशुतोष रांका ने बताया कि तीन दिन पहले छात्रों के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई थी, जिसमें छात्र प्रतिनिधि अभिजीत भी शामिल थे। इस बैठक के बाद पार्टी को छात्रों की समस्याओं और उनकी मांगों की पूरी जानकारी मिल गई है।
उन्होंने झारखंड सरकार से अपील की कि प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उन्हें जल्द स्वीकार किया जाए। उनका कहना था कि छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद और सकारात्मक पहल के जरिए किया जाना चाहिए।
सीजेपी प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही रांची पहुंचेगा और प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल छात्रों की समस्याओं को सुनेगा तथा उन्हें हर संभव सहयोग देने का भरोसा देगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी छात्रों को हर तरह की सहायता उपलब्ध कराएगी। साथ ही सीजेपी के वरिष्ठ नेता भी जल्द झारखंड पहुंचकर प्रदर्शनकारी छात्रों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे और उनके समर्थन में अपनी बात रखेंगे।

