नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। फिल्ममेकर नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। 30 जुलाई को फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता देखने को मिल रही है। अब फिल्म की रिलीज डेट और ग्लोबल रिलीज को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है।
फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने बताया कि ‘रामायण’ भारत से पहले विदेशों में रिलीज की जाएगी। विदेशों में फिल्म 6 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जबकि भारत में इसे 8 नवंबर यानी दिवाली के मौके पर रिलीज करने की योजना है।
विदेशों में दो दिन पहले क्यों रिलीज होगी ‘रामायण’?
बातचीत के दौरान नमित मल्होत्रा ने बताया कि फिल्म की इंटरनेशनल रिलीज 6 नवंबर को रखी गई है। उन्होंने कहा कि विदेशों में फिल्मों की रिलीज आमतौर पर शुक्रवार को होती है, इसलिए इस तारीख को चुना गया है।
वहीं, भारत में फिल्म को दिवाली के मौके पर रिलीज करने की तैयारी है। इस तरह विदेशों में रहने वाले दर्शक भारतीय दर्शकों से दो दिन पहले ‘रामायण’ को बड़े पर्दे पर देख सकेंगे।
दो पार्ट में रिलीज होगी फिल्म
‘रामायण’ का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जबकि नमित मल्होत्रा इसके प्रोड्यूसर हैं। फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का पहला पार्ट इसी साल दिवाली के मौके पर रिलीज होगा। वहीं, इसके दूसरे पार्ट को अगले साल यानी 2027 की दिवाली पर सिनेमाघरों में उतारने की योजना है।
रणबीर कपूर से यश तक, ये सितारे आएंगे नजर
फिल्म की स्टारकास्ट भी इसे खास बनाती है। ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी सीता के किरदार में नजर आएंगी। वहीं, यश फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे हैं। सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देंगे।
फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार हंस जिमर और एआर रहमान ने संभाली है। ट्रेलर रिलीज के बाद से ही फिल्म के विजुअल्स, स्टारकास्ट और कहानी को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है।

