जनवाणी संवाददाता ।
शामली: शिवरात्रि को मंगलवार सुबह करीब सात बजे बनत के पास सड़क हादसे में एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान कुणाल मलिक पुत्र विनोद निवासी गन्नौर, सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। हादसे में उसका साथी अक्षय पुत्र विजेंद्र घायल हुआ है। पुलिस ने कुणाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है।
बताया गया कि कुणाल अपने साथियों के साथ 7 अगस्त को गन्नौर से हरिद्वार गंगाजल लेने के लिए निकला था। कांवड़ियों की टोली में करीब 16 लोग शामिल थे। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटते समय मंगलवार सुबह उनकी टोली बनत क्षेत्र के पास पहुंची। इसी दौरान कुणाल और अक्षय को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने दोनों को शामली सीएचसी में पहुंचाया जहां पर चिकित्सकों ने कुणाल को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय टोली के अन्य कांवड़िये आगे निकल चुके थे। कांवड़िये की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं कांधला निवासी युवक संदीप मलिक की उत्तराखंड के मंगलौर में सडक हादसे में मौत हो गई। संदीप मलिक सोमवार दोपहर अपनी बाइक से हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। मंगलौर पहुंचने पर बाइक के सामने दूसरी बाइक आने पर हादसे में संदीप की मौत हो गई।

