जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब के पास हमले के बाद शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल का पहला बयान सामने आया है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद दिल्ली रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में सुखबीर बादल ने कहा कि वह न कभी डरे हैं और न आगे डरेंगे। उन्होंने कहा कि अकाली दल हर कुर्बानी देने के लिए तैयार है।
‘पंजाब का भाईचारा हमारे लिए सबसे अहम’
सुखबीर बादल ने कहा कि कुछ लोग पंजाब का माहौल खराब करने और देश की अमन-शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के मंसूबों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, “हमारे लिए पंजाब का भाईचारा सबसे अहम है।” सुखबीर ने यह भी कहा कि गुरु घर में उन पर दो बार हमला हो चुका है।
तख्त श्री हजूर साहिब के पास हुआ था हमला
गुरुवार को नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब के पास एक व्यक्ति ने सुखबीर बादल पर कृपाण से हमला किया था। हमले में सुखबीर बादल के हाथ में चोट लगी थी। उन्हें बचाने की कोशिश में एक पुलिस अधिकारी भी घायल हुआ था।
घटना के बाद सुखबीर बादल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। हालत स्थिर होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मजीठिया ने बताया था हमले का निशाना
अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने दावा किया था कि हमलावर ने बेहद करीब से सुखबीर बादल पर वार किया था और उसका निशाना उनका दिल था। मजीठिया के मुताबिक, गुरु साहिब की कृपा से सुखबीर बाल-बाल बच गए।उन्होंने दावा किया कि वार उनकी बाजू से होकर निकला, जिससे हड्डी में फ्रैक्चर हुआ और उन्हें करीब 150 टांके लगाए गए।
हमले की जांच जारी
घटना के बाद महाराष्ट्र पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। हमले के कारणों और आरोपी के मकसद का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। घटना ने धार्मिक स्थलों पर वीआईपी सुरक्षा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

