जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ में भाजपा और योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। हजरतगंज में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि इस समय देश के लिए परिसीमन से ज्यादा सीमाओं की सुरक्षा जरूरी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि वर्ष 2014 में देश का क्षेत्रफल कितना था और अब कितना है। उन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए महंगाई, पेट्रोल में ई20 मिलाने और किसानों को खाद व डीएपी की कथित कमी का मुद्दा भी उठाया।
सपा अध्यक्ष ने लखनऊ की सफाई व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरे लखनऊ में कूड़ा पड़ा हुआ है। भाजपा की ओर से 300 करोड़ पेड़ लगाए जाने के दावे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि ये पेड़ कहां लगाए गए हैं।
गोरखपुर में 500 स्कूल बंद करने का आरोप
अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि गोरखपुर में 500 प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अपने शहर गोरखपुर में ही 500 स्कूल बंद हो गए हैं। उन्होंने कानपुर एक्सप्रेसवे की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे पर गड्ढे हो गए हैं।
रानी अवंतीबाई लोधी को दी श्रद्धांजलि
अखिलेश यादव ने कहा कि आजादी की लड़ाई में रानी लक्ष्मीबाई की तरह रानी अवंतीबाई लोधी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी रानी अवंतीबाई के समाज को हक और अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।उन्होंने कहा कि सपा पीडीए की लड़ाई जारी रखेगी और समाज को जागरूक करने के साथ लोगों को जोड़ने का काम करती रहेगी।

