जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: चाय और माला को लेकर आपस में झगड़ने वाले कांग्रेसियों संगठन के प्रदेश सचिव व जनपद के प्रभारी डा. शोएब ने फटकार लगायी। साथ ही बजाय एक-दूसरे की टांग खींचने के संगठन के विस्तार व सर्जन अभियान पर ध्यान देने को कहा। संगठन प्रभारी रविवार को पार्टी कार्यालय चंदन भवन पहुंचे थे। वहां जिला व शहर कांग्रेस के अलावा संगठन के दूसरे फ्रंटियल संगठनों के पदाधिकारी भी बुलाए गए थे।
सूत्रों ने जानकारी दी है कि प्रभारी ने पिछले दिनों शहर में निकाली गयी किसान यात्रा के दौरान नफीस सैफी व सेवादल के विनोद सोनकर के बीच हुई धक्का-मुक्की, नौचंदी मैदान में मालाओं को लेकर देर तक इंतजार किए जाने तथा पार्टी कार्यालय चंदन भवन में शहर संगठन की ओर से मंगाई गयी चाय केवल अपने खेमे के लोगों को दिए जाने को शर्मनाक बताया। साथ ही मीडिया में इन बातों के आने पर गहरी चिंता भी व्यक्त करते हुए नाराजगी जाहिर की और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को न दोहराए जाने की हिदायत दी। इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गयी।
अखिल को कैंट के वार्डों का दायित्व
संगठन सर्जन कार्य के लिए प्रभारी शोएब ने पीसीसी व शहर कांग्रेस प्रवक्ता अखिल कौशिक को कैंट में संगठन के सर्जन अभियान को धार देने की जिम्मेदारी दी है। इसका बाकायदा ऐलान किया गया है। कैंट क्षेत्र में नए सिरे से वार्ड में संगठन को खड़ा करने का काम करने कहा गया है।
पद के लिए कार्यकर्ताओं का टोटा
वार्ड स्तर पर संगठन खड़ा करने के लिए कांग्रेस के पास कार्यकर्ताओं का भारी टोटा है। इसके चलते निर्णय लिया गया है कि एक वार्ड के लिए एक ही नाम भेजा जाए। पहले प्रत्येक वार्ड से तीन-तीन नाम मांगे गए थे। जिन वार्ड में एक भी नाम न मिले वहां की जिम्मेदारी वरिष्ठ कांग्रेसी संभालेगे।
ये रहे मौजूद
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अवनीश काजला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष जाहिद अंसारी, शहर कांग्रेस प्रवक्ता पीसीसी अखिल कौशिक, जिला कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा, पंडित नवनीत नागर, राकेश मिश्रा, सेवादल जिलाध्यक्ष रोहित गुर्जर, नफीस सैफी, सलीम खान, आसाराम, राकेश कुशवाह, अरुण त्यागी, अनिल शर्मा, रोबिन नाथ गोलू, हरिओम त्यागी, रिंकी शर्मा, मुजीब उर रहमान, राज केसरी, सैय्यद सलीम शाह आदि मौजूद रहे।

