जनवाणी संवाददाता |
बढ़ापुर: विभागीय उच्चाधिकारियों के दिशा निर्देश के बाद हरकत में आई बढ़ापुर पुलिस ने शुक्रवार को देर रात छापामारी अभियान के तहत कच्ची शराब बना रहे एक आरोपी को मौके से रंगे हाथ पकड़ लिया जबकि तीन आरोपी भागने में कामयाब रहे।
बुलंदशहर में कच्ची एवं ज़हरीली शराब के सेवन से पांच लोगो की मौत होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है जिसके चलते हुए विभागीय उच्च अधिकारियों के दिशा निर्देश पर कच्ची शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर बढ़ापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मदपुरी के जंगल में कच्ची शराब बना रहे चार लोगों को रंगे हाथ पकड़ने के उद्देश्य से पुलिस ने छापामार अभियान चलाया जिसके चलते हुए पुलिस एक व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ने में कामयाब रही परंतु तीन आरोपी भागने में सफल रहे। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी कुलविंदर उर्फ कालू पुत्र पाले सिंह सहित निक्कू मलकीत व जगदीश को नामजद करते हुए संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए आरोपी का चालान कर दिया है।
उप निरीक्षक जीत सिंह पुंडीर ने बताया कि विभागीय उच्च अधिकारियों के दिशा निर्देश मुखबिर की सूचना पर छापेमारी अभियान के तहत हजारों लीटर वाहन व शराब बनाने के उपकरणों सहित एक भट्टी सहित एक आरोपी कुलविंदर को मौके से पकड़ा है जिसका संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया।

