- पुलिस प्रशासन ने छापा मारकर एक दर्जन से अधिक लोगों के लिया हिरासत में
- पोकलेन मशीन, ट्रैक्टर ट्राली कब्जे में की, भारी संख्या में पुलिस तैनात
जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: हरियाणा के रेत माफिया खेड़ी प्रधान यमुना खादर यूपी की सीमा में लंबे समय से अवैध खनन कर रहे थे, जिसकी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को भनक तक नहीं थी। ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम के निर्देश पर एसडीएम के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में छापा मारा गया।
छापेमारी के दौरान यूपी की सीमा में रेता खनन होता मिला। टीम के पहुंचते ही यमुना खादर में भगादड़ मच गई। टीम ने मौके से 20 वाहनों को जब्त कर आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है। निगरानी के लिए यमुना खादर में अर्धसैनिक बल की तैनाती की गई है।
पुलिस व प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर हरियाणा के रेत माफिया खेड़ी प्रधान यमुना खादर में यूपी की सीमा में धड़ल्ले अवैध खनन किया जा रहा था। ग्रामीणों की माने तो अवैध खनन करीब एक माह से चल रहा था। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को फैक्स के माध्यम से की।
मुख्यमंत्री को फैक्स भेजने का असर हुआ। शनिवार को डीएम के निर्देश पर एसडीएम बड़ौत दुर्गेश मिश्र के नेतृत्व में तहसीलदार प्रदीप कुमार, नायब तहसीलदार, लेखपाल भारी पुलिस बल की मौजूदगी में खेड़ी प्रधान यमुना खादर में छापेमारी करने के लिए पहुंचे।
यमुना खादर में अवैध खनन कर रहे लोगों में भगगदड़ मच गई। अधिकारियों के सामने यूपी की सीमा में अवैध खनन होता पाया गया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके से सात पॉकलेन, आठ ट्रक, दो ट्रैक्टर ट्राली समेत करीब 20 वाहनों को जब्त किया है।
वही खनन करने वाले सात लोगों को हिरासत में लिया गया है। बाकी लोग खनन के रास्ते से फरार हो गए। टीम ने बाकी लोगों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह से चकमा देकर जंगल के रास्ते से फरार हो गए। करीब दो घंटे तक टीम ने यमुना खादर का बारीकी से निरीक्षण किया। निगरानी के लिए फिलहाल अर्द्धसैनिक बल तैनात किया गया है। जो माफियाओं पर नजर रखेंगे।
माफियाओं ने ग्रामीणों के खेतों को भी नहीं बख्शा
खेड़ी प्रधान गांव के ग्रामीणों ने बताया कि यमुना खादर में उनके खेत है। माफियाओं ने खादर के अलावा उनके खेतों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया था। जिनके सामने बोलने की किसी की हिम्मत नहीं पड़ती थी। रात-दिन धडल्ले से अवैध खनन किया जा रहा था।
यदि मुख्यमंत्री को शिकायत नहीं की जाती तो आने वाले कुछ दिनों में लगभग आसपास के सभी खेतों को खोद डालते और उनकी फसल को उजाड़ देते। ग्रामीण यदि प्रशासन की नींद नहीं तोड़ते तो पता नहीं कब प्रशासन की आंख खुलती।

जनपद में हरियाणा की सीमा से सटे यमुना खादर की जांच होगी
हरियाणा के लगी जनपद की यमुना खादरों की जांच की जाएगी। डीएम ने यमुना खादर की जांच करने के निर्देश दिए। जिसके लिए टीम गठित की जाएगी। अधिकारियों को अंदेशा है कि जिस तरह से चोरी छिपके हरियाणा की आड में खेड़ी प्रधान यमुना खादर यूपी की सीमा में अवैध खनन हो रहा था। ऐसा ही खेल अन्य जगह पर यमुना खादर में हो सकता है। जिस पर पुलिस व प्रशासन की पैनी नजर हो गई है।

आखिर किसके इसारे पर चल रहा था यूपी की सीमा में अवैध खनन
हैरान करने वाली बात है कि खेड़ी प्रधान यमुना खादर में धडल्ले से अवैध खनन किया जा रहा था और प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। यह बात गले से नीचे नहीं उतरती है। आखिर किसके इसारे पर यूपी की सीमा में अवैध खनन का खेल खेला जा रहा था। यदि खनन हरियाणा की सीमा में होता पाया जाता तो अधिकारियों को उनके वाहन जब्त करने की जरूरत नहीं पड़ती। प्रशासन के अधिकारी अब मानने को तैयार नहीं है कि खनन यूपी की सीमा में किया जा रहा था। जिसे सिरे से नकारा जा रहा है।
| छापेमारी के दौरान हरियाणा के लोग खेड़ी प्रधान यमुना खादर में मौजूद थे। टीम को देखकर वह भाग गए, जिनके वाहन जब्त किए गए है। अभी गहनता से जांच कराई जाएगी कि खनन यूपी की सीमा में किया जा रहा था या हरियाणा की सीमा में। जल्द ही पैमाइस भी कराई जाएगी। -दुर्गेश मिश्र, एसडीएम बड़ौत |

