- पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जनवाणी संवाददाता |
मंडावर: थाना मंडावर के क्षेत्र ग्राम मुकीमपुर जमाल उर्फ इनामपुरा से बाकरपुर सड़क पर महबूब के भट्टे के समीप छोटी नहर पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव पूरी तरह जला हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना मंडावर के क्षेत्र इनामपुरा में एक अज्ञात व्यक्ति का जला हुआ शव पडा मिला है।

ग्राम मोहम्मदपुर देवमल के निवासी विशाल उर्फ सोनू सुबह अपने खेत से ट्रैक्टर ट्राली में गन्ना भर कर गन्ना सेंटर पर जा रहे थे। रास्ते में जब वह नहर पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति का शव पड़ा है। जिसकी उम्र लगभग 35 वर्ष है। उन्होंने यह सब देखकर थाना मंडावर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बताया कि शव के पास एक पेट्रोल की खाली बोतल मिली है।
जिससे अदेंशा लगाया जा सकता है कि इस व्यक्ति को यहां पर पेट्रोल छिडककर आग लगाई गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। घटना की छानबीन करने के लिए मौके पर डॉग स्क्वाड टीम भी पहुंची। मौके पर पहुंचे एसपी, सीओ सिटी, एसपी सिटी ने थाना मंडावर के एसएचओ का उक्त घटना की जल्द से जल्द छानबीन करने के आदेश दिए।

