जनवाणी संवाददाता |
कैराना: युवती के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर युवती के फोटो पर गलत कमेंट करने के आरोपी को साइबर सेल व पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से फेसबुक आईडी बनाने व चलाने में प्रयुक्त किया गया मोबाइल फोन व सिम कार्ड भी बरामद किया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया।
गत 25 दिसंबर को कैराना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने एसपी को तहरीर देते हुए बताया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी बहन के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई हैं। आरोपी उसकी बहन के फोटो पर गलत कमेंट कर फोटो को उसके परिवारजनों को मैसेंजर पर भेज कर उसके परिवार की छवि धूमिल कर रहा है। तभी एसपी ने मामले की जांच साइबर सैल को दी तथा कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
साइबर सेल ने जांच के दौरान पाया गया कि प्रवेश कुमार द्वारा युवती के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई हैं। तभी साइबर सैल की टीम ने साइबर अपराधी को ट्रेस किया तथा कोतवाली में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। शनिवार को पुलिस व साइबर सेल द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए युवती के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाने के आरोपी प्रशांत पुत्र नरेश निवासी ग्राम भूरा थाना कैराना को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने युवती के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाने व चलाने में प्रयुक्त किए गए मोबाइल फोन व एक सिम कार्ड बरामद किया। आरोपी प्रशांत ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने ही युवती के नाम से फर्जी फेसबुक आइडी बनाई थी। युवती की फेसबुक से ही फोटो उठाकर एडिटिंग कर कमेंट भेजे थे। आरोपी ने बताया कि उसने यह कार्य युवती की छवि खराब करने के लिए फोटो पर अभद्र कमेंट कर पोस्ट वायरल की थी। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया।

