जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए ऊर्जा विभाग अनेकों दावे करता हो, लेकिन एक दिन की बारिश ही बिजली विभाग के सारे दावे फेल साबित कर देती है। इसी तरह का नजारा गुरुवार को भी देखने को मिला। जिसमें की गुरुवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश के पश्चात शहरभर में बिजली के कट से आम जनमानस को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जैसे ही बारिश शुरु हो जाती थी, वैसे ही कई क्षेत्रों में बिजली भी गुल हो जाती थी। इस तरह का नजारा सभी क्षेत्रों में देखने को मिला। इतना ही नहीं कई क्षेत्रों में घंटों तक बिजली का इंतजार करना पड़ा। बता दें कि बारिश में इस तरह की स्थिति हर बार देखने को मिलती है।
अचानक से बारिश होने के पश्चात कई स्थानों पर बिजली के उपकरणों में शॉर्ट सर्किट हो जाता है। जिस वजह से सुचारू रूप से बिजली व्यवस्था संचालित नहीं हो पाती। बारिश के बीचो बीच बिजली व्यवस्था को सुचारू करना विभाग के लिए भी एक कड़ी चुनौती होती है। जिस वजह से विभाग भी बारिश रुकने का ही इंतजार करता है।

