- कलक्ट्रेट लोकमंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए कार्यक्रम
- राष्ट्रवादी सोच के लोग अगर राष्ट्र के बारे में अच्छा सोचेंगे तो राष्ट्र अच्छा मजबूत होगा: डा. धर्म सिंह
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रेरणादायी जन क्रांतिकारी चौरी चौरा आंदोलन के 100 वर्ष में प्रवेश करने पर चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव पर राज्यमंत्री, विधायक व डीएम ने शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और शहीदों को याद करते हुए उनके द्वारा दी गयी कुर्बानी को याद दिलाया। उसके बाद लोकमंच पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर शमा बांध दिया।

भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रेरणादायी जन क्रांतिकारी चौरी चौरा आंदोलन के 100 वर्ष में प्रवेश करने पर चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव पर गुरूवार को शहीद स्मारक स्थल कलक्ट्रेट में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार आयुष खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग प्रभारी मंत्री डॉक्टर धर्म सिंह सैनी ने पुष्प अर्पित किए।
उसके बाद विधायक बागपत योगेश धामा, बड़ौत विधायक केपी मलिक, विधायक छपरौली सहेन्द्र सिंह रमाला व डीएम राज कमल यादव ने शहीद स्मारक स्थल पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीदों को याद किया गया।

महोत्सव के उपलक्ष्य में कलक्ट्रेट लोक मंच पर छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर शमा बांध दिया और नुक्कड़ नाटकों का भी आयोजन किया गया। प्रभारी मंत्री डॉक्टर धर्म सिंह सैनी ने कहा देश को स्वतंत्र कराने में स्वतंत्रता सेनानियों का महत्वपूर्ण योगदान था।
आज हम जिस आजादी में बैठे हैं वे उन शहीदों की उन जवानों की उन स्वतंत्रता सेनानियों की देन है इसलिए स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान करें। देश के कुर्बानी के लिए जो शहीद हुए हैं उनकी यादों को दिल में सजाए रखें।

प्रभारी मंत्री ने कहा मेरठ, सहारनपुर, बागपत, बलिया के स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानी को कभी भी भुला नहीं जा सकता और यह कार्यक्रम एक वर्ष तक चलेगा। जिसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है।
कहा राष्ट्रवादी सोच के लोग अगर राष्ट्र के बारे में अच्छा सोचेंगे तो राष्ट्र अच्छा मजबूत होगा और एक अच्छे स्वालंबन आत्मनिर्भर देश का निर्माण होगा। चौरी चौरा शताब्दी महा उत्सव कार्यक्रम में सूचना विभाग द्वारा लगाई गई एलईडी के माध्यम से प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का सजीव प्रसारण कार्यक्रम को देखा गया।

डीएम राज कमल यादव ने कहा हम सबको चौरी चौरा शताब्दी महोउत्सव के अवसर पर राष्ट्र सेवा का भाव अपने मन में रखे। राष्ट्र के लिए अच्छे कार्य करें और अच्छे राष्ट्र का निर्माण करें अच्छा कार्य करना ही देश की सेवा है। उन्होंने कहा जनपद में जो भी शहीद स्मारक स्थल हैं।
उनकी सूची बनाई जाएगी उनपर अच्छे कार्य कराए जाएंगे और पूरे एक वर्ष समय-समय पर शहीद स्मारक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर एसपी अभिषेक सिंह, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिराम त्रिवेदी, एएसपी मनीष मिश्रा, डीडीओ हुबलाल आदि मौजूद रहे।

