- वन विभाग ने गुलदार के शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेजा
जनवाणी संवाददाता |
शेरकोट: ग्राम हादकपुर जंगल में मादा गुलदार का शव मिलने से वन विभाग एवं पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया। वन विभाग के अधिकारियों ने गुलदार के शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया है।
ग्राम हादकपुर स्थित जंगल में शुक्रवार की रात किसी ग्रामीण ने गुलदार का शव पड़ा देखा तो उसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनिता दहिया एवं थाना अध्यक्ष अनुज तोमर मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी।
देर रात पहुंचे वन विभाग के फोरेस्टर लक्ष्मी चन्द्र ने मादा गुलदार के शव को कब्जे मे लेकर बरेली पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लक्ष्मी चंद ने बताया कि मृतक मादा गुलदार हैं जिसकी उम्र लगभग पांच वर्ष है। गुलदार के गले में पुराना जख्म होने की वजह से कुछ ना खाया जाने से मृत्यु होना प्रतीत होता है।
बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु का सही कारण सामने आयेगा। क्षेत्र में मृत गुलदार मिलने से हड़कम्प मच गया। वहीं घटना की जानकारी पर सुबह पहुंचे डीएफओ एम सेम्मारन, रेंजर संतोष कुमार, एसडीओ हरिसिंह व लक्ष्मीचंद आदि ने मौका मुआयना किया। बताते चलें कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में गुलदार ने अपना आतंक मचा रखा था।

