- क्षेत्र में सनसनी फैली, पुलिस ने जांच शुरू की
जनवाणी संवाददाता |
बेहट: कोतवाली क्षेत्र के गांव सलेमपुर गदा स्थित आम के बाग में 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। इस युवक के सिर में गोली लगी हुई थी। शव के पास से एक देशी तमंचा भी बरामद हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
बता दें कि क्षेत्र के गांव सलेमपुर गदा निवासी उदित सैनी (22) पुत्र रवीश कुमार उर्फ बबलू सैनी मिजार्पुर पोल में स्थित ग्लोकल यूनिवर्सिटी में बी-फार्मा का छात्र था। सुबह से युवक घर से गायब था। परिजन युवक की तलाश कर रहे थे। तलाश करते-करते परिजन गांव में ही एक आम के बाग में पहुंचे, जहां उन्हें उदित का खून में लथपथ शव पड़ा हुआ मिला।
बता दें कि उदित के कान के पास गोली लगी हुई थी। शव के पास एक देसी तमंचा भी पड़ा हुआ था। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। अभी तक यह खुलासा नहीं हो पाया कि छात्र ने आत्महत्या की है या उसकी किसी ने हत्या की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टयता से मामला आत्महत्या का लग रहां है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना की जांच की जा रही है।

