- परिजनों का आरोप अस्पताल में नर्स ने कराई डिलीवरी व आपरेशन
- दूसरे अस्पताल में जांच के बाद पता चलने पर परिजनों ने काटा हंगामा
जनवाणी ब्यूरो
बिजनौर: बिजनौर के एक प्राइवेट अस्पताल में जच्चा की मौत के बाद आनन- फानन में आक्सीजन लगाकर रेफर कर दिया गया। दूसरे अस्पताल में जांच कराने पर पता चला कि जच्चा महिला की मौत हो गई।
इसके बाद परिजनों ने हंगामा कर कार्रवाई की मांग की। परिजनों का यह भी आरोप है कि महिला की डिलीवरी व आपरेशन एक नर्स ने किया।

थाना मंडावर क्षेत्र के गांव काजीवाला निवासी सूरज की गर्भवती पत्नी छोटी को किरतपुर मार्ग पर बालाजी हास्पिटल में गत रविवार को भर्ती किया गया था।
सोमवार को गर्भवती महिला की डिलीवरी हुई। इसके बाद डाक्टरों ने ब्लड की कमी बताते हुए पैसा कराने के लिए कहा गया। परिजनों ने ब्लड के लिए पैसा भी हास्पिटल में जमा कर दिया।
इसके बाद भी जच्चा महिला को ब्लड नहीं चढ़ाया गया। सुबह के समय जच्चा महिला को आनन-फानन में आक्सीजन लगाकर मेरठ रेफर कर दिया गया।
परिजनों को बताया कि गया कि महिला जच्चा गंभीर हालत में है। रेफर होते ही परिजनों ने महिला को दूसरे अस्पताल में दिखाया तो पता चला कि महिला की मौत हो चुकी है।

परिजनों ने इस लापरवाही को लेकर हास्पिटल के गेट पर खूब हंगामा किया। उधर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
उधर, हास्पिटल के स्वामी अर्जुन सिंह ने बताया कि महिला को हार्ट की प्रोब्लम थी। महिला को गभीर हालत में रेफर किया गया था। हार्ट की दिक्कत के चलते महिला की मौत हो गई।
सीएमओ डा. विजय कुमार यादव ने कहा कि यदि कोई शिकायत आई तो जांच कराई जाएगी।

