जनवाणी संवाददाता |
चंदक: थाना छेत्र के ग्राम पंचायत सैफपुर बंगर के ग्राम नाईवाल में पंचायत घर भवन प्रस्तावित हुई है। पंचायत घर निर्माण को लेकर गांव के ही दो पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष अपनी आबादी के समीप निर्माण चाहता है, जबकि दूसरा पक्ष अपनी आबादी के पास।
इसी क्रम में सोमवार की देर सायं ग्राम प्रधान द्वारा पंचायत भवन का निर्माण शुरू करा दिया जिससे विरोध करने पहुंचे दूसरे पक्ष के लोगों के साथ प्रधान पक्ष के लोगों ने अभद्रता कर दी। इसकी सूचना पुलिस को दी गयी।
मौके पर पहुंची पुलिस प्रधान पुत्र को अपने साथ थाने ले गयी। जिस बात से नाराज होकर गांव से तीन ट्रैक्टरों व एक दर्जन बाइक पर सवार होकर सैकड़ों लोगों ने थाने की ओर कूच कर दिया।
पुलिस ने प्रधान पुत्र को निर्माण कार्य रुकवाने की हिदायत देकर छोड़ दिया। थाने से वापस लौटते समय भीड़ ने चंदक चौकी के बाहर खड़े दूसरे पक्ष के लोगों के साथ गाली गलौच शुरू कर दी।
मौके पर समझाने पहुंचे चंदक चौकी के सिपाही के साथ भी भीड़ ने अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। रात के समय शोर सुनकर कस्बावासियों के विरोध के बाद भीड़ गाव की ओर भाग गई।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष लव सिरोही भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। मौके से पुलिस प्रधान पुत्र को गिरफ्तार कर थाने ले गई। देर रात तक पुलिस दोनों पक्षों के साथ थाने में वार्ता करती रही। पुलिस के उच्चाधिकारी रात भर मामले पर नजर बनाए रहे।
थानाध्यक्ष मंडावर लव सिरोही ने बताया के दोनों पक्षों में समझौता वार्ता करा कर मामले का पटाक्षेप करा दिया गया है।

