- रेलवे स्टेशन पर गाइडलाइन का पालन कराना चुनौती
- खुद स्टाफ के लोग ही बिना मास्क के आ रहे नजर
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: रेलवे द्वारा लगभग सभी ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। वहीं, स्टेशन से एक पैसेंजर ट्रेन भी अब रोजाना चलाई जा रही है। ऐसे में दैनिक यात्रियों की संख्या भी स्टेशन पर बढ़ने लगी है, लेकिन यत्रियों की भीड़ में कोविड गाइडलाइन का पालन कराना एक चुनौती रेलवे के लिए बन गया है। जैसे-जैसे यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है, वैसे ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना तो मुश्किल हो ही रहा है। साथ ही मास्क के लिए भी लगातार जागरूक करने के बावजूद इसका कोई असर यात्रियों पर नहीं पड़ रहा है।
मेरठ सिटी स्टेशन से दोनों मुख्य ट्रेनों नौचंदी और संगम का संचालन नियमित रूप से किया जा रहा है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को छोड़कर लगभग सभी का संचालन रेलवे द्वारा शुरू कर दिया गया। वहीं, सिर्फ एक ही पैसेंजर ट्रेन अभी पटरी लौटी है।
सहारनपुर से चलने वाली पैसेंजर ट्रेन सिटी स्टेशन पर सुबह साढ़े छह बजे प्लेटफार्म पर पहुंच रही है। वहीं, यात्रियों की संख्या भी पहले के मुकाबले अब बढ़ने लगी है। ऐसे में कोविड की गाइडलाइन का पालन कराना रेलवे के लिए भी चुनौती बनता जा रहा है।
कई लोग ट्रेनों में बिना मास्क के सफर करते नजर आ रहे है। जबकि मंत्रालय द्वारा मास्क लगाकर यात्रा करने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बावजूद इसके कोविड गाइडलाइन स्टेशन पर तार तार होती नजर आ रही हैं। गौरतलब है कि देश के कई क्षेत्रों में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी सामने आ रही है।
ऐसे में सावधानी बरतने की सख्त जरूरत है। लेकिन शहर में संक्रमण का भय खत्म होता जा रहा है। जिस कारण लोगों के चेहरे से मास्क उतरने लगे हैं। वहीं, इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा का कहना है कि एक पैसेंजर ट्रेन का संचालन हाल ही में शुरु हुआ है। जोकि सुबह के समय सिटी स्टेशन पर पहुंच रही है। वहीं, मास्क लगाने को लेकर लगातार यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है।
स्टाफ के लोग ही नहीं लगा रहे मास्क
जहां लगातार यात्रियों को मास्क लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। वहीं, खुद स्टाफ के लोग ही इसका पालन नहीं कर रहे हैं। रेलवे सिटी स्टेशन पर बुधवार को जनवाणी टीम ने दौरा किया तो, रेलवे स्टाफ के लोग ही बिना मास्क के नजर आए। जहां ट्रेन के प्लेटफार्म पर रुकते ही यात्रियों की भीड़ नजर आई, वही इसी बीच रेलवे के ही कुछ लोग बगैर मास्क के दिखे।

