- प्रभारी मंत्री ने जिले के दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल की वितरित
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग उत्तर प्रदेश कपिल देव अग्रवाल प्रभारी मंत्री जिला बिजनौर द्वारा जिला योजना समिति जिला बिजनौर की बैठक में प्रस्तावित जिला विकास योजना वर्ष 2021-22 के लिए 429 करोड़ 50 लाख की विभागवार कार्य योजना को सर्वसम्मति से पारित किया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं को पूर्ण मानक एवं गुणवत्ता के साथ क्रियान्वित किया जाए और उनका लाभ पंक्ति के अन्त में खड़े व्यक्ति को भी निश्चित रूप से पहुंचे।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग उ0प्र0 कपिल देव अग्रवाल प्रभारी मंत्री जिला बिजनौर विकास भवन के सभागार में जिला विकास योजना 2021-22 बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए। कपिल देव अग्रवाल द्वारा जिले के चौमुखी विकास के लिए 429 करोड 50 लाख रूपये की जिला विकास योजना का अनुमोदन किया गया। जिसमें जनपद के कुल परिव्यय का 37.00 प्रतिशत(152 करोड 5 लाख) पूंजीगत विकास कार्यो के लिए प्रस्तावित किया गया है।

एससीपी कम्पोनेन्ट के अन्तर्गत धनराशि 91 करोड 38 लाख का प्रावधान किया गया है। उनके द्वारा बताया गया कि कृषि एवं सम्वर्गीय सेवाओं के लिए 3667.24 लाख, रोजगार परक कार्यक्रम के लिए 10648.60 लाख, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के लिए 10195़ 60 लाख, स्वच्छता, पेयजल एवं आवास के लिए 4452.06 लाख, लाभार्थीपरक कल्याणकारी योजनाओं के लिए 2750.80 लाख, सडक निर्माण के लिए 10676.00 लाख, तथा अन्य कार्यक्रम एवं योजनाओं के लिए 559.76 लाख अनुमोदित किए गए है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के विकास में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाशत नहीं की जाएगी और न ही जन कल्याणकारी योजनाओं में पात्र लोगों को लाभान्वित करने में लापरवाही क्षम्य होगी।
उन्होनें स्पष्ट करते हुए कहा कि उ0प्र0 सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं को मूर्त रूप प्रदान हो और उनका क्रियान्वयन कागजी नक्शों में नहीं बल्कि धरातल पर हो ताकि पंक्ति के अंतिम छोर पर खड़ा असहाय व्यक्ति विकास के लाभ का आनंद प्राप्त कर सके।
उन्होनें विद्युत, लोनिवि, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से सचेत करते हुए कहा कि विभागीय योजनाओं का गुणवत्तापूर्वक शत प्रतिशत लाभ जनसामान्य को पहुंचाना सुनिश्चित करें क्योंकि इन्हीं विभागों का सीधा सम्बन्ध आम जनता से होता है, इसलिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से संबंधित अधिकारी विभागीय योजनाओं को क्रियान्वित कर जन सामान्य को लाभान्वित करना सुनिश्चित करें।
बैठक में राज्य मंत्री ने निर्देश दिए कि जिन विभागों को शासन से बजट अवमुक्त कराने तथा अन्य समस्याओं का सामना है। संबंधित विभागीय अधिकारी अपने क्षेत्र के विधायकों को अवगत कराएं, ताकि शासन स्तर से उक्त समस्या का समाधान सम्भव हो सके।
डीएम रमाकान्त पाण्डेय द्वारा व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री प्रभारी को विश्वास दिलाते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरत पालन सुनिश्चित किया जाएगा और शासन की मंशा और भावना के अनुरूप शासकीय कार्यक्रमों एंव योजनाओं को पूर्ण गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया जाएगा। बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने विकास भवन के प्रांगण में जिले के दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की।
इस अवसर पर विधायकगण धामपुर, सदर, चांदपुर, भाजपा जिला अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, उप निदेशक कृषि, अर्थ एवं संख्या अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला योजना समिति के सदस्य सहित सभी प्रशासनिक तथा जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

