जनवाणी संवाददाता |
पुरकाजी: कस्बे के कम्हेडा गंगनहर पटरी पर ई-रिक्शा व बाइक की आमने सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में जहां ई रिक्शा में सवार महिला की मौत हो गई तथा बाइक सवार युवक की भी मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।

रविवार के दिन गांव भोपा निवासी कपड़ा व्यापारी दीपक कुमार अपनी पत्नी हिमानी व तीन बच्चों को लेकर पुरकाजी ससुराल में आया था। सोमवार के दिन सुबह जब दंपत्ति परिवार ई रिक्शा में सवार होकर भोपा जा रहा था, कम्हेडा गंग नहर पटरी पर बसेड़ी पुल के पास पहुंचे तो सामने से बड़ी तेज गति से आ रहे बाइक सवार युवक ने ई-रिक्शा में जबरदस्त टक्कर मार दी, भयंकर टक्कर होने से ई-रिक्शा के दो टुकड़े हो गए तथा ई रिक्शा में बैठी महिला हिमानी व बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गये।

सूचना पर पहुंची एंबुलेंस व पुलिस ने घायलों को उठाकर पीएचसी भिजवाया, जहां चिकित्सकों की टीम ने महिला हिमानी व बाइक सवार युवक को मृत घोषित कर दिया। महिला की मृत होने पर परिवार में कोहराम मचा है। बताया गया कि मृतक अपने ससुराल में किसी प्राइवेट संस्थान में अध्यापिका के रूप में कार्यरत थी।

मृतका की मौत के बाद उसके तीन बच्चे और एक पति है। पुरकाजी में मृतका के मायके में कस्बे व क्षेत्र के सामाजिक लोगों का सांत्वना देने के लिए तांता लगा हुआ है। पुलिस ने मृतका हिमानी व अन्य बाइक सवार युवक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतका के पति दीपक कुमार ने बाइक चालक अमित कुमार के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है।

