जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सूरजकुंड रोड स्थित आर्यनगर में चोरो ने एक ट्रैवल्स एजेंसी के मालिक के बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नगदी व ज्वेलरी चोरी कर ले गए। सोमवार को जब ट्रैवल्स एजेंसी मालिक परिवार के साथ घर पहुंचे तो दरवाजों के ताले टूटे व कमरों में सामान बिखरा देख दंग रह गए।
जिसके बाद उन्होंने सिविल लाइन पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कराई। इसके बाद मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची। फिलहाल पुलिस चोरों का पता लगाने में जुटी हुई है।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र के सूरजकुंड रोड स्थित आर्य नगर में अतुल गुप्ता पत्नी व दो बच्चों के साथ रहते है।

अतुल गुप्ता की इंद्रा चौक पर कावेरी ट्रैवल्स के नाम से एजेंसी है। वह शनिवार को परिवार के साथ मुजफ्फरनगर में अपनी मौसी के बेटे की शादी में गए हुए थे। सोमवार को अतुल गुप्ता परिवार के साथ अपने घर लौटे तो मकान के दरवाजे टूटे देख दंग रहे गए। चोरो ने एक-एक कर पांच दरवाजों के ताले तोड़ रखे थे।
अतुल गुप्ता ने कमरों में जाकर देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी और सारा सामान बिखरा हुआ था। अतुल गुप्ता ने बताया कि चोर अलमारी में रखे करीब पांच लाख रुपये नगद व छह लाख रुपये की ज्वैलरी चोरी कर ले गए। मामले की जानकारी सिविल लाइन थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की और फोरेसिंक एक्सपर्ट की टीम को बुलाकर बारीकि से जांच कराई। वहीं, इस संबंध में इंस्पेक्टर सिविल लाइन अब्दुर रहमान सिद्दीकी का कहना है कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की है और आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है। जल्द ही चोरो का पता लगा लिया जाएगा।

चोरो ने पांच दरवाजों व पांच अलमारी के तोड़े ताले
अतुल गुप्ता अपने घर के सभी कमरों व अलमारी के ताले लगाकर शादी में गए थे। लेकिन चोरों ने मुख्य गेट से लेकर अंदर तक एक-एक कर पांच ताले तोड़े और कमरों के अंदर रखी पांच अलमारियों के ताले तोड़े। चोरों ने सभी दरवाजों के तालों को लोहे की रॉड से उखाड़ रखा था और अलमारी को भी लोहे की रॉड से मोड़ रखा था।
चोर अलमारी में रखे करीब पांच लाख रुपये व पांच लाख की सोने की ज्वैलरी समेत चांदी के गहने भी चोरी कर ले गए। यही नहीं चोरों ने दूसरी मंजिल पर बनें एक कमरे का भी ताला तोड़ रखा था।

