- जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश
जनवाणी संवाददाता |
शामली: जिलाधिकारी जसजीत कौर ने मिशन शक्ति से संबद्ध अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित तिथि पर ही उनके द्वारा कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोमवार की देर रात जिलाधिकारी जसजीत कौर कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मिशन शक्ति से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा कर रही थीं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन विभागों को मिशन शक्ति के अंतर्गत जो कार्यक्रम जिस दिन के लिए निर्धारित है, वह उसे नियत तारीख और दिन को संपन्न कराए। जिलाधिकारी ने कहा कि अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी शंभू नाथ तिवारी ने मिशन शक्ति के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के संबंध में जिलाधिकारी को बताया कि दो मार्च को जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों, तीन मार्च को ब्लॉक ऊन, 4 मार्च को जागरूकता एवं चौपाल का आयोजन हिंदू महिला महाविद्यालय में आयोजित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त 5 मार्च को बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा परिषदीय विद्यालयों में, 6 मार्च को जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा माध्यमिक एवं डिग्री कालेजों में 7 मार्च को कृषि विभाग द्वारा विकास खंड कार्यालयों पर महिला कृषक गोष्ठी तथा 8 मार्च को जिला युवा कल्याण अधिकारी तथा श्रम विभाग द्वारा कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। जिला प्रोबेशन अधिकारी को कार्यक्रमों के आयोजन के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है।
बैठक में सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, जिला विकास अधिकारी प्रमोद कुमार आदि अधिकारी गण मौजूद रहे।

