- शामली में महिला ट्रक से व थानाभवन में बच्ची ट्राली से कुचली
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: बाइक पर शादी समारोह से अपने पुत्र के साथ वापस लौट रही एक अधेड़ महिला की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। वहीं थानाभवन में ट्रैक्टर ट्रॉली से गिरकर एक साल की बच्ची की मौत हो गई और जलालाबाद में नलकूप के गड्ढे में गिरने से रेहड़ा चालक की मौत हो गई। जनपद में हादसो में तीन मौत होने से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना तितावी क्षेत्र के गांव लालूखेडी निवासी मुनेश देवी (48) पत्नी राजकुमार अपने पुत्र संदीप के साथ बाइक से छपरौली स्थित रिश्तेदारी में शादी समारोह में गई थी। मंगलवार को वहां से वापस लौटते समय जब बाइक सवार मां-बेटे दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर गांव लिलौन के पास पहुंचे तो कांधला की तरफ से आए ट्रक चालक ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया।
जिसमें महिला सड़क पर गिर गई और ट्रक से कुचलकर महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि संदीप बाल-बाल बच गया। शोर शराबा होने पर ग्रामीण वहां इकटठा हो गए लेकिन तब तक आरोपी चालक ट्रक लेकर शामली की तरफ फरार हो चुका था। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर मृतका के पुत्र ने रोते-बिलखने हुए आरोपी चालक को पकड़ने की मांग करते हुए हंगामा किया।
जिसको लेकर वहां जाम की स्थित बनी रही। पुलिस ने युवक को किसी तरह शांत करते हुए मृतका महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतका के पुत्र संदीप की तरफ से पुलिस ने ट्रक चालक खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ट्रॉली से गिरकर एक साल की मासूम बच्ची की मौत
नगर के मोहल्ला कस्सावान निवासी महिला सलमा पत्नी मुस्तकीम अपनी एक वर्षीय बच्ची अफ्शा को गोद में लेकर बाजार से अपने घर जा रही थी। जैसे ही वह घासमंडी चौक के नजदीक तिराहे पर पहुंची तो सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली से बचने के लिए नाली पर पड़े चैनर पर चढ़ी तो अचानक महिला का पैर चैनर में फस गया। महिला का संतुलन बिगड़ने से गोद में ली हुई एक वर्षीय बच्ची ट्राली के पहिए के नीचे गिर गई।
जिससे मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे आनन-फानन में शामली के नर्सिंग होम में ले जाया गया जहां पर चिकित्सक ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक बच्ची अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी।
बच्ची का पिता पंजाब में मजदूरी करता है। इस बारे में सभासद पति सलीम अहमद उर्फ कल्लू ने बताया कि इस चैनर की चौड़ाई काफी अधिक है जिसकी सूचना कई बार नगर पंचायत को दी गयी लेकिन इसका कोई समाधान नहीं निकाला गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। देर शाम तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
गड्ढे में गिरने से रेहडा चालक की मौत
कस्बे के मोहल्ला आर्यनगर निवासी असलम (55) पुत्र जहूर अहमद रेहडा चलाने का काम करता है। असलम मंगलवार को सुबह घर से रेहडा लेकर मजदूरी पर गया था। अहमदपुर माइनर पर नदीम अली खान के खेत पर किसी काम से गया था। खेत में ट्यूबवेल पर सुबह हाथ धोते समय ट्यूबवेल के गहरे गड्ढे में गिर गया। जिससे असलम के सर में गहरी चोट लग गई और उसकी मौत हो गई।
खेत मालिक नदीम खान व ठेके पर बुआई कर रहे इकबाल खान कुछ घंटे बाद खेत में पानी चलाने पहुंचे तो उन्होंने असलम को गडढे पड़ा देख जलालाबाद पुलिस चौकी पर सूचना दी। जिसके बाद थाना प्रभारी प्रभाकर केंतुरा, चौकी प्रभारी सचिन पूनिया पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। पुलिस ने गहरे गड्ढे से असलम के शव को निकवाया और जेब से मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

