- शाखा प्रबंधक के खिलाफ एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जनवाणी संवाददाता |
शामली: गांव कुडाना में बैंक मैनेजर पर किसानों के बकाया गन्ना भुगतान खाते में आने के बावजूद भी भुगतान न किए जाने और अभद्रता के आरोप लगाते हुए किसानों ने शामली कलक्ट्रेट में एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपा।
बुधवार को किसान यूनियन के अध्यक्ष सवित मलिक के नेतृत्व में दर्जनों किसानों ने एसडीएम सदर संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपा।
जिसमें उन्होंने कहा कि गांव कुडाना के किसानों का वर्ष 2019-20 गन्ना भुगतान खाते में आ चुका है। जिसकी जानकारी किसानों को मैसेज के माध्यम से हो गई है। रुपये की जरूरत पड़ने पर किसान बैंक की शाखा कुड़ाना में गए तो वहां मौजूद शाखा प्रबंधक ने रुपये देने से इंकार कर दिया।
एक किसान की पत्नी की हालत खराब होने के बावजूद भी रुपये नहीं दिए गए। इतना ही नहीं किसानों के साथ अभद्रता भी की गई। किसानों ने मामले में जांच कराकर रुपये दिलाने और शाखा प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर बाबा श्याम सिंह, नैन सिंह, बीरपाल सिंह, रमेश मलिक, जयपाल सिंह, ओमबीर सिंह, अमित निर्वाल, सुरेन्द्र सिंह, बिल्लू मलिक, राकेश आदि मौजूद रहे।

