- नगरायुक्त और पुलिस अधिकारियों से शिकायत पर दी नौकरी से निकालने की धमकी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नगर निगम के सफाई अनुभाग में कार्यरत महिला लिपिक के साथ अश्लील हरकतें करने के आरोपी लिपिक व उसके करीबी निगम कर्मी के खिलाफ थाना देहलीगेट पर एफआईआर दर्ज की गयी है। हालांकि अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस मामले को लेकर निगम के स्टाफ में हड़कंप मचा हुआ है। इस प्रकार के मामले पूर्व में सुने तो बहुत गए। लेकिन एफआईआ सरीखी कार्रवाई पहली बार की गयी है।
कार्य स्थल पर भी नहीं सुरक्षित
महिलाएं अपने ड्यूटी स्थल तक पर सुरक्षित नहीं हैं। या तो सब कुछ चुपचाप सहें और यदि विरोध या शिकायत करें तो नौकरी से निकालने या फिर आफिस में झाडू लगवाने की धमकी दी जाती है। मामला नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में तैनात स्थायी कर्मचारी सहायक स्वास्थ्य लिपिक से कार्यालय व कार्यालय के बाहर भी अश्लील हरकतों का है। जब उसको कहीं भी इंसाफ नहीं मिला तो थक हारकर पीड़िता ने विभाग के आरोपी लिपिक के खिलाफ थाना देहलीगेट पर तहरीर दे दी थी।
ये है पूरा मामला
सिविल लाइन के आईडीएच, पानी की टंकी सूरजकुंड निवासी युवती निगम के स्वास्थ्य अनुभाग में सहायक लिपिक के पद पर कार्यरत है। थाना देहलीगेट पर दी गयी तहरीर में उनका आरोप है कि कार्यालय लिपिक राजेश पुत्र राकेश व विकास पुत्र नगीन (दोनों पर नियम विरुद्ध लिपिक बनने का आरोप) अक्सर उससे अश्लील हरकतें करते हैं। कार्य स्थल पर फिजिकल रिलेशन के लिए बाध्य किया जाता है।
बीते माह दो फरवरी को जब वह कार्यालय में काम कर रही थी तो विकास उसके पास आया और लिपिक राजेश को जन्म दिन की बधाई देने के लिए सार्वजनिक तौर पर बाध्य किया। मना करने पर खींचकर ले जाने लगा। जन्म दिन में कई बाहरी लोग आए हुए थे। सभी ने शराब पी रखी थी।
जबरन पीड़िता के फोटो खींचे गए। इस घटना के बाद पीड़िता बुरी तरह डर गयी। 25 फरवरी को जब कोविड वैक्सीन लगवाकर जिला अस्पताल से निकल रही थी तो आरोपी राजेश ने उसको अस्पताल के गेट पर रोक लिया। कम्प्रोमाइज न करने पर उसको आपत्तिजनक बातें कहीं। नौकरी से निकलने की धमकी तक दे डाली।
स्वतंत्रता सेनानी परिवार से है संबंध
पीड़िता ने जनवाणी संवाददाता को बताया कि उसका स्वतंत्रता सेनानी मुसददी लाल व मजदूरों के मसीहा सुगन चंद के परिवारों से करीबी रिश्ता है। इस बात की जानकारी उसने छेड़खानी की शिकायत करते हुए नगरायुक्त को दिए गए पत्र में भी दी है, लेकिन आरोपी का दावा है कि उसके नगरायुक्त से अच्छे संबंध हैं।
इसलिए उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकेगा। पीड़िता को शिकायत पर अब नौकरी से निकलवाने की भी धमकियां दी जा रही हैं।
इनसे कर चुकी है शिकायत
पीड़िता ने बताया कि अब तक वह नगरायुक्त के अलावा, एसएसपी, एसपी क्राइम से कार्यालय स्थल पर की जा रही छेड़खानी की शिकायत कर चुकी है। थक हारकर जब कहीं भी उसकी बात नहीं सुनी गयी तो आखिर में उसने आरोपियों के खिलाफ थाना देहलीगेट पर तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। जिस पर एफआईआर दर्ज की गयी है।
ये कहना है इंस्पेक्टर देहलीगेट का
इंस्पेक्टर देहलीगेट राजेन्द्र त्यागी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में निगम प्रशासन ने आदेशित किया था। पीड़िता की सुरक्षा के लिए भी प्रबंध किए किए हैं।
युवती से छेड़छाड़ के आरोप में मोबाइल शॉप मालिक गिरफ्तार
गंगा प्लाजा स्थित एक शॉप में मोबाइल खरीदने पहुंची युवती के साथ छेड़छाड़ करने वाले शॉप मालिक को लालकुर्ती थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शॉप मालिक के गिरफ्तार किए जाने की सूचना पर गंगा प्लाजा के दुकानदार व भाजपाई थाने पहुंचे और शॉप मालिक को छुड़ाने की सिफारिश की। काफी देर तक वार्ता के बाद भाजपाइयों के दबाव में आकर पुलिस ने शॉप मालिक को बिना किसी कार्रवाई के ही थाने से छोड़ दिया।
हालांकि शॉप मालिक को छुड़ाने को लेकर देर रात तक दुकानदार व भाजपाई थाने में ही डटे रहे। लालकुर्ती थाना क्षेत्र के गंगा प्लाजा में सोनू उर्फ पाले की मोबाइल शॉप है। बताया गया है चार दिन पहले सदर क्षेत्र की युवती शॉप पर मोबाइल खरीदने पहुंची थी। इस दौरान शॉप मालिक ने युवती के साथ छेड़छाड़ करते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। जिसके बाद युवती ने सपा नेत्री नेहा गौड़ को फोन पर मामले की जानकारी दी थी।
नेहा गौड़ ने मौके पर पहुंचकर शॉप मालिक को खरीखोटी सुनाते हुए लाठियां भी बरसा दी थी। इसके बाद शॉप मालिक के खिलाफ लालकुर्ती थाने में छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया था। सपा नेत्री का मारपीट का यह वीडियो वायरल होने पर सोमवार को लालकुर्ती पुलिस ने शॉप मालिक सोनू उर्फ पाले को गिरफ्तार कर लिया।
पाले की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर रात में गंगा प्लाजा के दर्जनों दुकानदार व भाजपाई लालकुर्ती थाने पहुंचे और पाले को छोड़ने की बात कही। काफी देर तक थाने में चली गहमागहमी के बाद भी थाना पुलिस ने शॉप मालिक को दिया गया।

