- हादसे के दौरान सड़क चलता युवक भी घायल, छात्रा को निजी अस्पताल में कराया भर्ती
जनवाणी ब्यूरो |
मेरठ: थाना सदर थाना क्षेत्र में एमप्रकाश अस्पताल के सामने बाइक पर स्टंट दिखा रहे दो युवकों ने एक छात्रा को टक्कर मार दी। इस दौरान सड़क चलता एक अन्य युवक भी बाइक की चपेट में आने से घायल हो गया। हादसे के बाद राहगीरों ने आरोपी बाइक सवार दोनों युवकों को दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद छात्रा को निजी अस्पताल व युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं घटना के दौरान छात्रा पेपर देने के लिए स्कूल जा रही थी। थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के समर गार्डन की रहने वाली शबनूर आरजी स्कूल में 11वीं की छात्रा है। शबनूर का सोमवार को 11 बजे की शिफ्ट में पेपर था। राहगीरों का कहना था कि शबनूर एमप्रकाश नर्सिंग होम के सामने से पैदल जा रही थी।
इसी दौरान बाइक पर स्टंट करते हुए दो युवक आए और शबनूर को टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक की चपेट में सड़क से गुजर रहा ऊंचा सद्दीक नगर निवासी साकिब भी घायल हो गया। हादसे के बाद राहगीरों ने बाइक सवार दोनों युवकों को धर दबोचा।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची सदर पुलिस ने घायल छात्रा को निजी अस्पताल व युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बताया गया है कि बाइक की टक्कर से छात्रा के पैर की हड्डी टूट गई है। इसके बाद पुलिस ने बाइक सवार दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर हवालात में डाल दिया है।

