जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कैंट स्थित बाबा औघड़नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों जोरों पर हैं। इसको लेकर ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर समिति की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। जिसमें एएसपी सूरज राय, एसीएम सुनीता सिंह, एसचओ सदर बिजेंद्र राणा समेत अन्य विभागों के अधिकारी भी शामिल रहे।
मंदिर समिति के महामंत्री सतीश सिंघल ने बताया कि 11 मार्च को महाशिवरात्रि पर्व को लेकर लगभग सभी तैयारियों पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए बैरिकेटिंग व्यवस्था, नि:शुल्क जूता स्टैंड, गार्ड सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों आदि की व्यवस्था की जाएगी।
इसकी सभी तैयारियों जोरों से चल रही हैं। वहीं, महाशिवरात्रि के दिन मंदिर में सुबह चार बजे से दर्शन होंगे। रात तक मंदिर में जलाभिषेक और पूजा अर्चना की जाएगी। इस मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष डा. महेश बंसल, उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंघल, कोषाध्यक्ष अतुल अग्रवाल, सुनील गोयल, सुधीर अग्रवाल, अनिल सिंघल, अमित अग्रवाल, अशोक चौधरी, सुधीर गुप्ता, ब्रजभूषण गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, अमरीश अग्रवाल और दिनेश मित्तल मौजूद रहे।
डाक विभाग से प्राप्त करें गंगोत्री का गंगाजल
महाशिवरात्रि के पावन पर्व को देखते हुए डाक विभाग द्वारा गंगोत्री के गंगा जल की व्यवस्था की गई है। ऐसे में जो बोले भक्त किसी कारणवश गंगोत्री नहीं जा पाए हैं। वह सभी डाक विभाग से निर्धारित दरों में गंगाजल की बोतल प्राप्त कर भोले बाबा को महाशिवरात्रि के दिन गंगाजल अर्पित कर सकते हैं।
मेरठ सिटी प्रधान डाकघर के सीनियर पोस्टमास्टर हरीश कुमार एवं डिप्टी पोस्ट मास्टर रतन सिंह ने बताया कि गंगोत्री से 382 गंगाजल की बोतलें डाकघर में उपलब्ध हुई हैं। सभी भोले भक्त काउंटर नंबर 10 से गंगा जल बोतले खरीद सकते है।
उन्होंने बताया कि सरकार के निदेर्शानुसार 250 एमएल की गंगाजल की बोतल 30 रूपए में उपलब्ध कराई जाएगी। बता दें कि डाक विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को घर बैठे गंगा जल वितरण करने की व्यवस्था हर साल की जाती है।

