- शिक्षक महासंघ ने डीएम के नाम एसडीएम सदर को सौंपा मांग पत्र
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ के आह्वान पर शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट में एकत्रित होकर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा अधिकरण विधेयक 2021 का जोरदार विरोध किया। शिक्षकों ने विरोध में अधिकरण विधायक की प्रतियां जलाई। इस मौके पर शिक्षक महासंघ की ओर से जिला अधिकारी के नाम एक मांग पत्र एसडीएम सदर को सौंपा गया।
सोमवार को उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ के संयोजक धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में जिले के शिक्षक कलेक्ट्रेट में एकत्रित हुए। यहां पर शिक्षकों ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा अधिकरण विधेयक 2021 लागू किए जाने पर चिंता जताई। महासंघ के संयोजक धर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लागू किया गया अध्यादेश समस्त शिक्षक समाज के लिए एक अभिशाप है।
शिक्षकों के संवैधानिक अधिकारों पर हमला है। इसके माध्यम से सरकार न्यायपालिका में लंबित शिक्षकों के हजारों लाखों प्रकरणों को अफसरशाही के हवाले कर के अधिकारियों के कार्यालयों को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाना चाहती है। उन्होंने प्रदेश सरकार से शिक्षा सेवा अधिकरण विधेयक को अविलंब वापस करने की मांग की। इस मौके पर महासंघ की ओर से डीएम के नाम एक मांग पत्र एसडीएम सदर को सौंपा गया।
पत्र में प्रदेश सरकार से शिक्षा सेवा अधिकरण और धन विधेयक को अविलंब वापस करने की मांग की गई है। कलेक्ट्रेट में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री प्रशांत सिंह, बीएस चौहान, पूनम चौधरी, देवेंद्र बालियान, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार, प्रमोद यादव, असीम कुमार चौहान, सुचिता सिंह, भूपेंद्र सिंह चौहान, इंद्रवीर सिंह, ब्लक अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, यशवीर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, पवन कुमार, गिरीश चौहान, अरविंद चौधरी, राहुल राठी सिहं मौजूद रहे।

