- कांधला थाने में ग्राम प्रधान प्रत्याशियों के साथ बैठक ली
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सफलतापूर्ण संपन्न कराए जाने को लेकर पुलिस ने क्षेत्र के गांव गंगेरू के ग्राम प्रधान प्रत्याशियों की बैठक ली। पुलिस ने धारा 144 का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। वहीं पुलिस ने सैंकड़ों लोगों के खिलाफ मुचलका पाबंद की कार्रवाई भी की है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन किसी भी प्रकार का रिस्क नहीं लेना चाहते है। पुलिस ने शुक्रवार को क्षेत्र के गांव गंगेरू के प्रधान प्रत्याशियों की बैठक ली। थाना प्रभारी निरीक्षक रोजन्त त्यागी ने कहा कि कोई भी प्रत्याशी अपने जुलूस में उतने ही समर्थक रखे, जितने लोगों की अनुमति मिली है। कोई भी प्रत्त्याशी शाम सात बजे के बाद आतिशबाजी और ढोल नगाड़ों का प्रयोग नहीं करेगा।
धारा 144 का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बैठक में मौजूद प्रत्याशियों को चुनाव में शराब न बांटने और जाति धर्म के नाम पर वोट मांगने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक रोजन्त त्यागी ने बताया कि गंगेरू सहित गांव गढ़ी श्याम, गढ़ी रक्खा, गढ़ी मियां और गढ़ी दौलत के 475 लोगों को दस-दस लाख रुपए में मुचलका पाबंद किया गया है।
साथ 12 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। जिन लोगों के खिलाफ मुचलका पाबंद की कार्रवाई की गई है, अगर उन लोगों की शिकायत मिलती है तो उन लोगों के खिलाफ धारा 144 की कार्रवाई करते हुए दस-दस लाख रुपए वसूल किए जाएंगे। इस दौरान संजय जैन, तनवीर जंग, संजीव फौजी, राशिद जंग, उमरदीन प्रधान, पूर्व प्रधान संजीव चौधरी, नरेंद्र चौहान सहित आदि लोग मौजूद रहे।

