जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारत के पेशेवर मुक्केबाजी स्टार विजेंदर सिंह कोविड-19 के कारण एक साल से अधिक समय तक रिंग से दूर रहने के बाद 19 मार्च को रूस के अर्तयश लोपसन के खिलाफ मुकाबले से वापसी करेंगे। विजेंदर और लोपसन के बीच सुपर मिडिल-वेट (76 किग्रा भारवर्ग) का मुकाबला गोवा के पणजी में मैजेस्टिक प्राइड कसिनो जहाज की छत (रूफटॉप डेक) पर खेला जाएगा।
लोपसन के नाम की घोषणा शुक्रवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में की गई। विजेंदर ने मुकाबले की तैयारी राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदक विजेता एमेच्योर मुक्केबाज जय भगवान के साथ अभ्यास कर की है। उन्होंने कहा कि यह आसान साल नहीं था और और शरीर को लय हासिल करने में थोड़ा समय लगा।
लेकिन, पिछले दो महीने मेरे लिए अच्छे रहे। जय भगवान ने गुरूग्राम में अभ्यास के दौरान मेरी मदद की। उन्होंने कहा कि इस दौरान मैं ली बीयर्ड (उनके ब्रिटिश प्रशिक्षक) से आॅनलाइन तरीके से संपर्क में था और उनसे भी मदद मिली।

