- परिजनों ने मंडलायुक्त, आईजी से मिलकर जताया आक्रोश
जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: महिला के हत्यारोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं होने से परेशान परिजन संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे और मंडलायुक्त, आईजी के समक्ष न्याय की गुहार लगाई।
लुहारी गांव के रहने वाली बिमलेश पत्नी सत्यपाल अपने अन्य परिजन सदस्यों के साथ तहसील पहुंची। यहां पर संपूर्ण समाधान दिवस में मंडलायुक्त व आईजी को शिकायती पत्र देते हुए परिजनों ने महिला की हत्या के आरोपियों की तीन माह बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर आक्रोश जताया।
आईजी ने परिजनों को जल्द ही गिरफ्तारी किए जाने का आश्वासन दिया। परिजनों ने बताया कि प्रीति पुत्री सत्यपाल की शादी 14 जनवरी 2018 को संदीप पुत्र विजयपाल निवासी खामपुर के साथ हुई थी। संदीप बड़ौत के खत्री गढी में किराए के मकान में रहता था।
शादी के दो साल बाद संदीप अपनी दूसरी शादी करने के फिराक में था जिसे प्रीति ने तुडवा दिया था। इसी का बदला लेने के लिए संदीप व उसके परिजनों ने तीन माह पहले बड़ौत के खत्री गढी में प्रीति को फांसी लगाकर जान से मार डाला।
इस मामले में मृतका के भाई रवि ने पति, सास, ससुर समेत पांच लोगों को नामजद कराते हुए बड़ौत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी पति को तो गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन अभी तक अन्य चारों आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
परिजनों ने मामले में आईजी को शिकायती पत्र देते हुए न्याय नही मिलने की दशा में मुख्यमंत्री से मिलने की भी बात कही है।

