- एक युवक को पकड़कर कॉलेज स्टाफ ने पुलिस को सौंपा
जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: नगर के गुलाब सिंह हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में तीन युवक तमंचे लहराते हुए अंदर घुस गए। युवकों ने कॉलेज में घुसकर दहशत फैलाने का प्रयास किया। हरकत में आए कॉलेज स्टाफ ने एक युवक को दबोच लिया जबकि उसके दो साथी फरार हो गये। कॉलेज स्टाफ ने पकड़े गए युवक को पुलिस को सौंप दिया।
गुरुवार की दोपहर नगर के गुलाब सिंह हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे थे तभी तीन शातिर युवक कॉलेज में दहशत फैलाने के उद्देश्य से तमंचे लहराते हुए घुस गये। कॉलेज में घुसे युवकों ने वहां पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हंगामे का प्रयास किया। हरकत में आए कॉलेज स्टाफ ने युवकों को घेर लिया।
अपने आपको घिरता देख तमंचा लहराने वाले दो युवक मौके से फरार हो गए जबकि एक युवक को कॉलेज स्टाफ ने पकड़ लिया। कालेज प्राचार्या ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। कॉलेज स्टाफ ने पकड़े गये युवक युवक को कालेज पहुंचे पुलिस कर्मियों के हवाले कर दिया। कालेज प्राचार्य डॉक्टर साधना ने तमंचा लहराने वाले युवकों को बाहरी बताया है। कार्यवाहक थाना प्रभारी पंकज तोमर ने घटना की पुष्टि करते हुए छात्रों के बीच विवाद होने की बात कही है।

