- रेस्टोरेंट में कार्टून से सजा रखी है दीवार, अवैध रूप से चल रहा था हुक्का बार
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: थाना सदर बाजार पुलिस ने हनुमान चौक के पास हुकअप रेस्टोरेंट में गुरुवार शाम को अवैध रूप से चलाए जा रहे हुक्का बार में छापा मारा। जहां से पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक व एक युवती समेत नौ युवकों को गिरफ्तार किया है। हालांकि पूछताछ के बाद युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
हनुमान चौक के पास हुकअप के नाम से नवीन का कैफे एंड रेस्टोरेंट है। कुछ दिन से पुलिस को सूचना मिल रही थी कि यहां कैफे की आड़ में हुक्का बार चलाया जा रहा है। इसी सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। पुलिस टीम को देख हुक्का पी रहे युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक व एक युवती समेत नौ युवकों को धर दबोचा।

थाना सदर इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह राणा ने बताया कि कैफे संचालक नवीन व अनिकेत समेत नौ युवकों को पकड़ा है। इनमें एक युवती भी शामिल है। पुलिस ने युवती के परिजनों को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया। तलाशी के दौरान कैफे में तीन हुक्का व अन्य सामान भी बरामद हुआ है।
उन्होंने बताया कि कैफे में एक स्पेशल कमरा भी बनाया हुआ है। जिसमें सिर्फ अय्याशी होती थी। इस कमरे का चार्ज पांच हजार रुपये प्रति घंटा बताया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि कैफे संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और कैफे को सील करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को रिपोर्ट भी भेजी गई है।

