- शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए 20 महिला सिपाहियों की लगा रखी है ड्यूटी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शहर में बिगड़ रही यातायात व्यवस्था व कानून व्यवस्था को लेकर जहां पुलिस के तमाम अधिकारी गंभीर है। वहीं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में लगाई गई महिला एंजल्स ड्यूटी के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। वह सुबह को ड्यूटी के लिए चौराहे पर जाती है और सड़क किनारे अपनी स्कूटी लगाकर पूरा दिन उसी पर बैठकर मोबाइल में व्यस्त रहती है।
दैनिक जनवाणी के छायाकार ने ऐसे ही कई चौराहों पर ड्यूटी के नाम पर खानापूर्ति कर रही महिला एंजल्स की फोटो अपने कैमरे में कैद की है। जबकि शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई बार एडीजी राजीव सब्बरवाल एसपी ट्रैफिक को निर्देश दे चुके है। इसके बावजूद हर बार लापरवाही सामने आ रही है।

पिछले कई महीनों से शहर में रैपिड रेल लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। जिसको लेकर फिलहाल शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतरी हुई है। जिस कारण शहर के तमाम चौराहों व मुख्य मार्गों पर पूरा दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।
शहर के यह हालात तब जब कोरोना महामारी को लेकर शहर के तमाम स्कूल व कॉलेज बंद है। यदि स्कूल होते तो शायद जाम के कारण शहर के हालात और भी अधिक बिगड़ जाते है। यातायात व्यवस्था को पटरी लाने के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ होमगार्ड व पीआरडी जवानों का भी काफिला लगा हुआ है।
इसके बाद हालात बिगड़ते जा रहे है। यही नहीं ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए शहर के कॉपरेटिव बैंक चौराहा, कमिश्नरी आवास चौराहा, गांधी बाग चौराहा, तेजगढ़ी चौराहा व गांधी आश्रम चौराहा समेत अन्य कई चौराहों पर तैनात रहती है, लेकिन यह महिला एंजल्स ड्यूटी पर जाने के बाद सड़क किनारे ही अपनी स्कूटी पर बैठकर मोबाइल में व्यस्त रहती है। पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों के बार-बार चेतावनी देने के बाद भी यह महिला एंजल्स केवल अपने कार्य में ही व्यस्त रहती है।

