जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जिस प्रकार देश भर में कोविड-19 का संक्रमण बढ़ रहा है। उसको देखते हुए शासन स्तर से काफी सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में अब सीसीएसयू से संबंधित कॉलेजों में संचालित स्नातक व परास्नातक की संस्थागत एवं मुख्य परीक्षाएं 15 तक स्थगित रहने की संभावनाएं है।
क्योंकि विशेष सचिव उत्तर प्रदेश शासन अब्दुल समद ने विवि राज्य कुलपति को आदेश जारी करते हुए 15 मई तक की सभी प्रयोगात्मक एवं मौखिक मुख्य परीक्षाओं को स्थगित करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही सभी कक्षाओं को भी भौतिक रुप से संचालित करने की जगह आनलाइन आयोजित करने के लिए कहा है। इसी के साथ ही विवि परिसर एवं कॉलेजों में 50 प्रतिशत स्टॉफ ही बुलाया जाएं एवं कोविड-19 के नियमों का गहनता से पालन किया जाए।
ऐसे में अब सीसीएसयू प्रशासन को विशेष सचिव के आदेशों का पालन करते हुए तीन मई से लेकर 15 मई तक की सभी परीक्षाएं स्थगित करनी पड़ेगी। बता दें कि इससे पूर्व विवि प्रशासन की तरफ से तीन मई तक की सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी थीं तथा नई परीक्षा की तिथि कोविड-19 की समीक्षा करने के बाद जारी करने के लिए कहा था।

