- कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर अधिकारियों ने की धर्मगुरुओं के साथ बैठक
- धार्मिक स्थलों में कम से कम लोगों के प्रवेश का आह्वान
जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण ने प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी है। शनिवार को अधिकारियों ने धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर कोरोना से जंग में सहयोग की अपील करते हुए धार्मिक स्थलों में कम से कम लोगों के प्रवेश करने के सम्बंध में प्रचार प्रसार करने का आहवान किया।
हाईवे स्थित डाक बंगले पर धर्मगुरुओं के साथ बैठक में उपजिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण तेजी के साथ फैल रहा है इसे रोकने बेहद जरूरी है। कहा कि जरूरी है कि मंदिर, मस्जिद व गुरूद्वारों में कम से कम लोगों का प्रवेश कराया जाए।
क्योंकि एक संक्रमित व्यक्ति भी सभी के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। उन्होंने धर्मगुरुओं से लोगों को घरों पर रहकर पूजा अर्चना व इबादत करने के लिए प्रेरित करने का आहवान किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि 24 घंटे के भीतर पुलिस ने देवबंद क्षेत्र में 474 और नागल क्षेत्र में 117 ऐसे लोगों से मास्क न पहनने पर 100 रुपये जुमार्ना वसूला है।
अब सरकार के आदेश पर मास्क न पहनने वालों से 1000 रुपए जुमार्ना वसूला जाएगा। साथ ही महामारी अधिनियम में उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। इस दौरान दारूल उलूम के नायाब मोहतमिम मौलाना अब्दुल खालिक संभाली, मौलाना मुर्तजा, श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा समेत विभिन्न मस्जिदों के मुतवल्ली और मंदिरों के पुजारी मौजूद रहे।

