- जिंदगी है बेहद कीमती इस बात को समझना होगा
- निर्धारित संख्या में ही इबादतगाहों में करें प्रवेश
जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: इस्लामी तालीम के प्रमुख केंद्र दारुल उलूम देवबंद के मोहतमिम मुफ्ती अबुल कासिम नौमानी ने लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण पर चिंता व्यक्त की है। साथ ही उन्होंने सभी लोगों से इस भयानक बीमारी की रोकथाम के लिए भारतार सरकार और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी गाइड लाइन पर अमल करने की अपील की है।
शनिवार को जारी ब्यान में मोहतमिम मुफ्ती अबुल कासिम नौमानी ने कहा कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से मिल रही खबरें डराने वाली हैं। लगातार संक्रमितों व इससे होने वाली मौतों का आकड़ा बढ़ रहा है। इसलिए बेहद जरूरी है कि इसकी रोकथाम के लिए जो भी तरीके हैं उन्हें इख्तियार किया जाए। मुफ्ती नौमानी ने कहा कि जिंदगी बेहद कीमती है।
इस बात को समझना होगा और इसे बचाने के लिए अपने जजबातों की कुर्बानी भी देनी होगी। कहा कि भीड़ से बचने और मास्क लगाने से इस बीमारी से बचा जा सकता है इसलिए हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम कोविड गाइडलाइन का अवश्य पालन करें। मुफ्ती नौमानी ने कहा कि इस बात का ख्याल हमें अपनी इबादतों में भी रखना होगा। इ
सलिए जरूरी है कि इबादतगाहों में सिर्फ उतनी ही संख्या में लोग जाएं जितनी संख्या की स्थानीय प्रशासन द्वारा इजाजत दी गई है। कहा कि प्रशासन ने हम सबकी हिफाजत को ध्यान में रखते हुए रात्रि लॉकडाउन की घोषणा की है इसका उल्लंघन किसी कीमत पर नहीं किया जाए। ताकि कोरोना संक्रमण की चैन को तोड़ा जा सके।

