- कमेले से मुजफ्फरनगर जा रही थी गाड़ी
- बजरंग दल के सदस्यों ने चालक की पिटाई कर पुलिस को सौंपा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लिसाड़ी गेट स्थित कमेला से मुजफ्फरनगर जा रही हड्डियों से भरी एक गाड़ी को बजरंग दल के सदस्यों ने बच्चा पार्क पर पकड़ लिया। गाड़ी में सवार चालक व परिचालक को बजरंग दल के सदस्यों ने जमकर पिटा और कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि सदस्यों का दावा है कि गाड़ी में हड्डियों के नीचे गोमांस भी भरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।
बजरंग दल के सदस्य व्योम दीप शर्मा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि लिसाड़ी गेट स्थित कमेला से हर तीसरे दिन मुजफ्फरनगर के लिए गोमांस से भरी गाड़ी जाती है। जानकारी होने पर वह लोग होली के दिनों से गाड़ी का पीछा करने की तलाश में लगे हुए थे। लेकिन यह गाड़ी उनके हाथ नहीं लग पा रही थी। शनिवार शाम को फिर से उन्हें सूचना मिली कि गोमांस से भरी गाड़ी कमेला से निकल चुकी है। जिसके बाद उन्होंने गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया।

हालांकि गाड़ी चालक पीछा होने की भनक लग गई और उसने गाड़ी को तेज गति से दौड़ा दिया। लेकिन बजरंग दल के सदस्यों ने गाड़ी का पीछा करते हुए बच्चा पार्क पर उसे घेर लिया और चालक व परिचालक को पकड़कर पिटाई शुरू कर दी। मामले की जानकारी होते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक व परिचालक को हिरासत में लेते हुए गाड़ी की जांच पड़ताल की।
गाड़ी में पशुओं की हड्डियां भरी हुई थी, जिनमें कुछ हड्डियों पर मांस भी लिपटा हुआ था। जिसे देख बजरंग दल के सदस्यों ने गाड़ी में गोवंश की हड्डियां व मांस होने की बात कहते हुए वहां हंगामा कर दिया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस गाड़ी व चालक और परिचालक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।
इस संबंध में इंस्पेक्टर आशुतोष का कहना है कि पशुओं की हड्डी से भरी एक गाड़ी को पकड़ा गया है। फिलहाल हड्डियों की जांच चल रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएंगी।

आठ मिनट में हापुड़ अड्ड़ा से बच्चा पार्क पहुंची गाड़ी
बजरंग दल के व्योम दीप शर्मा ने बताया कि कमेले से हड्डियों से भरी गाड़ी निकलते ही वह लोग हापुड़ अड्डे पर एकत्र हो गए थे। जैसे ही गाड़ी हापुड़ अड्डे पर पहुंची तो उसे रुकवाने का प्रयास किया। लेकिन चालक ने गाड़ी को तेज गति से दौड़ा दिया।
बताया कि गाड़ी की स्पीड़ इतनी तेज थी कि हापुड़ अड्डे से मात्र आठ मिनट में बच्चा पार्क पहुंच गया। जैसे ही हड्डियों से भरी गाड़ी को रोका तो दो बाइक सवार अन्य चार युवक वहां पहुंच गए जो गाड़ी की सुरक्षा के लिए साथ चल रहे थे।

