जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: आईपीएल 2021 सीजन का 19वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई टीम ने बिना विकेट गंवाए 50+ रन बना लिए हैं।
फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ और फाफ डुप्लेसिस क्रीज पर हैं। यह दोनों के बीच लगातार दूसरी 50+ रन की पार्टनरशिप है। इससे पहले ऋतुराज और डुप्लेसिस ने कोलकाता के खिलाफ पिछले मैच में 115 रन की पार्टनरशिप की थी।
यह पहली बार है जब वानखेड़े में किसी टीम ने डे-गेम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। धोनी ने टीम में दो बदलाव किए।
मोइन अली और लुंगी एनगिडी की जगह ड्वेन ब्रावो और इमरान ताहिर को टीम में शामिल किया गया। ताहिर का यह सीजन का पहला मैच है। जबकि, RCB के कप्तान विराट कोहली ने केन रिचर्ड्सन और शाहबाज अहमद की जगह डेनियल क्रिश्चियन और नवदीप सैनी को टीम में शामिल किया।
दोनों टीम में 4-4 विदेशी प्लेयर्स
RCB में 4 विदेशी प्लेयर्स ग्लेन मैक्सवेल, एबी डिविलियर्स, डेनियल क्रिश्चियन और काइल जेमिसन हैं। जबकि, चेन्नई की टीम ने विदेशी खिलाड़ी फाफ डुप्लेसिस, ड्वेन ब्रावो, इमरान ताहिर और सैम करन को शामिल किया।
दोनों टीम
चेन्नई: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, फाफ डुप्लेसिस, सुरेश रैना, अंबाती रायडू, ड्वेन ब्रावो, रविंद्र जडेजा, सैम करन, इमरान ताहिर, शार्दूल ठाकुर और दीपक चाहर।
बेंगलुरु: विराट कोहली (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, एबी डिविलियर्स, ग्लेन मैक्सवेल, वॉशिंगटन सुंदर, डेनियल क्रिश्चियन, काइल जेमिसन, नवदीप सैनी, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज और युजवेंद्र चहल।
RCB के खिलाफ CSK का पलड़ा भारी
पॉइंट टेबल में RCB टॉप पर, जबकि CSK नंबर-2 पर है। विराट कोहली की कप्तानी वाली बेंगलुरु टीम ने सीजन में अब तक अपने सभी 4 मैच जीते हैं। वहीं, महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में CSK ने 4 में से 3 मुकाबले अपने नाम किए हैं। CSK हमेशा ही RCB पर भारी रही है। दोनों के बीच खेले गए पिछले 10 मुकाबलों में चेन्नई ने 8 बार बेंगलुरु को हराया है।
सीजन में 5 बार 200+ का स्कोर बना
वानखेड़े की पिच बल्लेबाजों की मददगार मानी जाती है। जबकि दोनों ही टीम में आक्रामक बल्लेबाजों की भरमार है। इस सीजन में 5 बार 200 से ज्यादा का स्कोर बना है। इसमें 4 बार मुंबई की पिच पर ही यह कमाल हो सका। एक बार बेंगलुरु टीम ने ही चेन्नई की पिच पर कोलकाता के खिलाफ 204 रन बनाए थे। चेन्नई टीम वानखेड़े में 220 रन बनाकर कोलकाता के खिलाफ ही एक मैच जीत चुकी है।
चेन्नई की टीम हमेशा बेंगलुरु पर भारी रही
दोनों टीम के बीच मुकाबलों की बात करें तो हमेशा महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई की टीम विराट कोहली की कप्तानी वाली बेंगलुरु पर हावी रही है। दोनों के बीच अब तक हुए 27 मैच में CSK ने 17 और RCB ने सिर्फ 9 मैच जीते हैं। एक मुकाबला बेनतीजा रहा।
RCB की ओपनिंग का तोड़ नहीं
CSK को यदि मैच जीतना है, तो उसे RCB की ओपनिंग जोड़ी तोड़नी होगी, जो बेहद मुश्किल है। RCB की तरफ से देवदत्त पडिक्कल और कप्तान विराट कोहली ओपनिंग करते हैं। पिछले मुकाबले में पडिक्कल ने शतक और कोहली ने फिफ्टी लगाई थी। दोनों ने राजस्थान के खिलाफ बिना विकेट गंवाए 178 रन का टारगेट चेज किया था।
मिडिल ऑर्डर में शाहबाज अहमद, ग्लेन मैक्सवेल, एबी डिविलियर्स और वॉशिंगटन सुंदर RCB को मजबूती देते हैं। मैक्सवेल टीम के टॉप स्कोरर भी हैं। उन्होंने अब तक 4 मैच में 176 रन जड़े हैं।
पिच रिपोर्ट
मुंबई की वानखेड़े पिच पाटा मानी जाती है, जहां बल्लेबाजों को मदद मिलती रही है। यहां शाम के बाद ओस गिरने पर गेंदबाजों को पिच से बिल्कुल मदद नहीं मिलती। यही कारण है कि 2021 सीजन में वानखेड़े में अब तक 8 मैच हुए हैं, जिसमें 5 बार बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है।

