- बेखौफ खुल रहा है नगर का संपूर्ण बाजार
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: कोरोना की दूसरी लहर का देहात क्षेत्र में भयावह प्रकोप दिखाई देने के बावजूद नगर के व्यापारी कतई गंभीर नहीं है। मनमानी से गाइडलाइन का उल्लंघन कर रहे दुकानदारों के लिए पुलिस व नगर पंचायत की अपील बेअसर हो रही है।
कोरोना संक्रमण रोकने के लिए प्रशासन द्वारा जारी की गई गाइडलाइन के मुताबिक कुछ घंटों के लिए आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति हेतु दूध तथा किराना की दुकानों को ही छूट दी गई है फिर भी नगर में संपूर्ण बाजार बेखौफ होकर खोला जा रहा है।दिन निकलते ही खुलने वाले कस्बे के सर्राफा बाजार में काफी भीड़ भाड़ उमड रही है।
इसके अलावा नगर में कपड़े तथा जूतों आदि की दुकानों के अलावा तमाम दुकानें खुल रही है। बाजार में खरीद फरोख्त करने वालो के साथ तमाशबीन भी सड़कों पर अनावश्यक रूप से टहल रहे है। पुलिस की अपील को कोई मानने को तैयार नहीं है।
यह हाल तब है जब नगर पंचायत द्वार प्रमुख चौराहों पर लगे लाउडस्पीकर के माध्यम से गाइडलाइन का प्रचार प्रसार नियमित रूप से कराया जा रहा है। नगर पंचायत की यह अपील दुकानदारों के लिए बेअसर हो रही है।पुलिस देखकर दुकानों के शटर ज़रूर ऊपर नीचे हो रहे हैं। ईओ नीतू सिंह ने बताया कि गाइडलाइन के पालन हेतु पुलिस को पत्र लिखा जाएगा।
लॉकडाउन दरोगा के लिए बना वरदान
थाने के एक दरोगा के लिए लॉकडाउन वरदान साबित हो रहा है। उपनिरीक्षक पर दुकानदारों तथा ठेले वालों ने आरोप लगाया है कि वह लाठी दिखाकर वसूली कर रहा है। दरोगा की यह वसूली नगर में चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जा रहा है कि कस्बे में इस दरोगा का डर बना हुआ है। एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने पर दोषी के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

