- 20 से 31 तक नोडल अधिकारियों की निगरानी में वितरण
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि माह मई 2021 में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अन्तर्गत 20 मई से 31 मई 2021 तक समस्त अन्त्योदय कार्ड धारकों को ई-पॉस मशीन के माध्यम से नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में खाद्यान्न नि:शुल्क वितरण कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 अन्तर्गत खाद्यान्न का वितरण माह मई में 20 मई 31 मई 2021 तक जनपद के समस्त अन्त्योदय कार्डो एंव पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को 5 किग्रा. खाद्यान्न (03 किग्रा. गेहूं एवं 02 किग्रा. चावल) प्रति यूनिट नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में नि:शुल्क वितरित कराया जाएगा। डीएम ने कहा कि राशन कार्डधारकों को पोटैबिलिटी के अन्तर्गत खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा 29 से 31 मई के मध्य अनुमन्य रहेगी।
जिन कार्ड धारकों के अंगूठे मशीन में मैच नहीं होते हैं ऐसे कार्ड धारकों को वितरण मोबाइल पर ओटीपी के माध्यम से 31 मई 2021 को किया जाएगा। डीएम ने निर्देशित किया है कि नामित जिला स्तरीय नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत सभी पर्यवेक्षणीय अधिकारियों एवं उचित दर की दुकानों पर सतर्क निगरानी रखेंगे और भ्रमणशील रहकर उचित दर दुकानों पर आकस्मिक निरीक्षण करेगे तथा किसी प्रकार की अनियमितता पाये जाने पर सम्बन्धित के विरूद्व कार्यवाही हेतु सम्बन्धित उप जिलाधिकारी कार्यालय एवं जिला पूर्ति कार्यालय में आख्या उपलब्ध कराएंगे। सभी उचित दर विक्रेताओं को वितरण के दौरान कोविड-19 गाइड लाइन का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

