- विधायक ने दो उम्मीदवारों को कराई भाजपा की सदस्यता ग्रहण
- बाकी को भी शामिल करने का किया जा रहा प्रयास
- रालोद-सपा और बसपा के सदस्यों में भी की जा रही सेंधमारी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने अन्य पार्टियों को हराने के लिये जोड़ तोड़ शुरू कर दिया है। मंगलवार को भाजपा ने दो सदस्यों एक निर्दलीय और एक आप पार्टी के सदस्य को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। बाकी बचे निर्दलीय उम्मीदवारों की भाजपा में आने की चर्चा जोरों पर है।
इसके अलावा सपा-रालौद और बसपा के सदस्यों में भी जोड़ तोड़ करने का काम शुरू हो गया है अब यह रणनीति कितनी कामियाब होगी यह तो आने वाला वक्त ही बतायेगा। हालांकि भाजपा समेत सभी पार्टी अपनी पार्टी का अध्यक्ष बनाने को रणनीति बनाने में जुट गई हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के लिये सांठगांठ करने का सिलसिला शुरू हो गया है। भाजपा ने अपने पत्त खोलते हुए पहले ही गौरव चौधरी के नाम पर मुहर लगा दी है। अब भाजपा अपना खेमा मजबूत करने में जुट गई है। भाजपा ने मंगलवार को ही से दो उम्मीदवारों को पार्टी में शामिल कर लिया है।
भाजपा विधायक सोमेन्द्र तोमर और जिला अध्यक्ष अनुज राठी ने वार्ड 28 से आप पार्टी से जिला पंचायत सदस्य पूनम शर्मा और वार्ड 32 से निर्दलीय उम्मीदवार विकास उपाध्याय को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर भाजपा के घोषित सदस्य गौरव चौधरी भी मौजूद रहे।
अभी दो दिन पूर्व सपा और रालोद की ओर से बैठक भी हुई थी, जिसमें 17 सदस्य शामिल हुए थे। बता दें कि जिला पंचायत सदस्य पद के 33 वार्ड हैं। अब भाजपा के पास सात सदस्य हो गये हैं बाकी निर्दलीय उम्मीदवारों के भी उम्मीद है। ऐसे में अब भाजपा की ओर से अन्य पार्टी के सदस्यों से जोड़ तोड़ का कार्य शुरू हो गया है।
सभी उम्मीदवारों की बात करें तो रालोद के 8, बसपा के 8, सपा के 7, भाजपा के अब 7 और निर्दलीय 3 हैं। अब भाजपा सपा की आपसी फूट का भी फायदा उठा सकती है। भाजपा की ओर से सदस्यों को लेकर सभी पार्टी के सदस्यों से जोड़ तोड़ का कार्य शुरू कर दिया गया है। अब देखना यह होगा कि भाजपा इसका कितना फायदा उठा पाती है।
सीएचसी को लेकर मंडलायुक्त का लिखा पत्र
कोरोना महामारी को रोकने के लिये जनप्रतिनिधियों की ओर से लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसे लेकर दक्षिण विधायक डा. सोमेन्द्र तोमर ने क्षेत्र की सीएचसी का निरीक्षण भी किया। भूड़बराल स्थित सीएचसी के निरीक्षण किया था जहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव था। इसे लेकर उन्होंने मंडलायुक्त सुरेन्द्र सिंह को पत्र लिखा और यहां मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति कराने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने आॅक्सीजन प्लांट, वार्डों में बेड और आॅक्सीजन की व्यवस्था, एलईडी, टीवी, सौलर प्लांट, खराब गाड़ियों की नीलामी आदि को लेकर भी मांग उनके सामने रखी।

