- प्रेमी ने हत्या कर शव को गंगनहर में फेंकने की बात थी कबूली
- आरोपी प्रेमी पाया गया कोरोना पॉजेटिव, पुलिस में खलबली
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: प्रेम प्रसंग के चलते एक युवती से लाखों रूपये की रकम हड़पने के बाद युवती ने जब रूपये वापिस देने का दबाव बनाया, तो प्रेमी ने उसकी हत्या कर शव को गंगनहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में लेकर युवती की तलाश में गंगनहर में अभियान चलाया, परन्तु कोई सफलता नहीं मिल सकी।
पुलिस ने प्रेमी को उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह अपनी कोविड-19 की जांच करा रहा था। युवक की जांच रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजेटिव पाया गया है।
जानसठ क्षेत्र के गांव काटका निवासी तैमूर का पास के गांव कवाल की एक युवती के साथ कई सालों से प्रेम संबंध चल रहा था। आरोप है कि प्रेम जाल में फंसाकर युवक ने युवती से लाखों रूपये लिये थे, जिन्हें उसने बाद में देने का वायदा किया था।
बताया जाता है कि अब युवती द्वारा युवक से अपने पैसों को वापिस देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। दो दिन पहले अचानक से युवती कहीं गायब हो गई थी, परिजनों ने उसकी सभी संभावित स्थानों पर तलाश की थी, परन्तु उसका कहीं पता नहीं चल सका था।

परिजनों ने तैमूर पर शक जाहिर करते हुए पुलिस को तहरीर दी थी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई थी और पुलिस ने तैमूर को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह कोविड टेस्ट करा रहा था। पुलिस ने तैमूर से गहनता से पूछताछ की, तो उसने युवती की हत्या किये जाने की बात कबूल की है।
तैमूर ने पुलिस को बताया कि उसने युवती की हत्या कर उसके शव को गंगनहर में डाल दिया है। तैमूर की निशानदेही पर पुलिस ने युवती की तलाश में गोताखोरों की मदद से गंगनहर में अभियान चलाया, परन्तु कोई सफलता नहीं मिल सकी है।

