- पीड़ित थाना पुलिस से लेकर एसएसपी तक कर चुका है शिकायत
जनवाणी संवाददाता |
गंगानगर: एक सप्ताह पहले घर में घुसकर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने के आरोपियों को थाना पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। थाना पुलिस से एसएसपी तक शिकायत करने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो पीड़ित परिवार ने अब पलायन के पोस्टर चस्पा कर दिए। जिसको लेकर थाना पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है।
थाना गंगानगर के गांव मामेपुर के रहने वाले रामरतन पुत्र नत्थू ने बताया कि 25 मई को जितेंद्र व रविंद्र पुत्रगण दशरथ, प्रशांत व देवा पुत्र मूलचंद और करण पुत्र देवेंद्र उनके घर में घुस आए थे। जिन्होंने हत्या करने की नीयत से उसके पुत्र संदीप उर्फ मिंटू पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया।
जब वह मरणासन्न अवस्था में हो गया तो उक्त सभी हमलावर उन लोगों को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे। रामरतन ने बताया कि वारदात के बाद उन्होंने गंगानगर थाने पहुंचकर इन सभी हमलावरों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन घटना को चार दिन बीत जाने के बाद भी थाना पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार नहीं कर सकी। जबकि यह सभी हमलावर गांव में खुलेआम घूम रहे हैं।
पीड़ित पिता ने शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई कराने की गुहार लगाई। जिस पर एसएसपी ने सीओ सदर देहात को मामले की जांच सौंपी। लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी जब सीओ सदर देहात ने कोई कार्रवाई नहीं की तो रविवार को पीड़ित ने अपने मकान पर पलायन के पोस्टर लगा दिए। पुलिस की अनदेखी के चलते पलायन के पोस्टर लगाने से ग्रामीणों व थाना पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है।

