- चौकी की दीवार के नीचे से लाखों की नकदी व सामान चोरी
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: पुलिस की निष्क्रियता के चलते कस्बे में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बेखौफ चोरों ने पुलिस चौकी परिसर में स्थित चिकित्सक के क्लीनिक के ताले खोलकर लाखों की नकदी तथा इनवर्टर बैटरी पर आसानी से हाथ साफ करके पुलिस को चुनौती दे डाली। घटना के दौरान पुलिस सोती रही और चोर आसानी से वारदात अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की तहरीर दिए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए पुलिस ने अपने दायित्व की इतिश्री कर ली।
यह दुस्साहसिक घटना नगर की पुलिस चौकी के परिसर में स्थित एक प्राइवेट डॉक्टर के क्लीनिक में हुई है। अज्ञात चोरों ने मध्य रात्रि दुकान के शटर में लगे ताले खोलकर दुकान से इनवर्टर, बैट्रा तथा करीब एक लाख रुपए से अधिक की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने पुलिस चौकी में मौजूद पुलिस को भनक तक नहीं लगने दी।

इसकी जानकारी डॉक्टर शब्बीर अहमद को उस वक्त हुई जब मंगलवार की सुबह वे अपनी दुकान पर पहुंचे। डॉक्टर ने चौकी पर मौजूद पुलिस कर्मियों को सूचना देने के बाद एसपी देहात को घटना से अवगत कराया। घटना के संबंध में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी गई है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
वारदात की जानकारी देते डॉक्टर शब्बीर।

